
महिला सशक्तिकरण में राहुल गांधी का अविस्मरणीय योगदान
lucknow | कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने बुधवार को कहा कि दंगा फसाद कराना भाजपा की पहचान बन गयी है। भाजपा के लोग समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। वह बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के डीपीए सभागार राजीव गांधी स्टडी सर्किल द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जब देश में कम्प्यूटर लाने की पहल कर रहे थे उस समय देश की सभी राजनीतिक पार्टियों ने विरोध किया था। दीपक सिंह ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी राजीव गांधी की देन है। आज ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत चुनाव जीतकर लड़कियां व महिलाएं आ रही हैं। राजीव गांधी कहते थे कि महिलाओं के विकास के बिना देश का भला नहीं हो सकता।
उनकी नई शिक्षा नीति,सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति एवं पंचायती राज की संवैधानिक सुधार पहल ने महिलाओं के सशक्तिकरण को युगांतकारी गति एवं संरचनात्मक विकास की दिशा दी।
सेमिनार में मुख्य अतिथि ने कहा कि राजीव गांधी ने इस तथ्य को पूरी संवेदना के साथ समझा और उसके लिए ठोस पहल की कि आधी आबादी के सशक्तिकरण एवं हर क्षेत्र में उनकी सक्रिय असरदार भागीदारी के बिना सशक्त व समर्थ राष्ट्रनिर्माण संभव नहीं हो सकता।
मुख्य वक्ता एवं स्टडी सर्किल के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो.सतीश कुमार राय ने कहा कि शिक्षा और सहभागिता किसी कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण के प्रबल अस्त्र होते हैं और दोनों माध्यमों से राजीव गांधी ने महिला समाज को ताकत एवं मौका दिया। संचार क्रांति ने महिलाओं के रोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को उत्प्रेरित किया।
अध्यक्षीय सम्बोधन में उर्दू- अरबी-फारसी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं पूर्व आईएएस डा.अनीस अंसारी ने कहा कि स्व.राजीव गांधी ने महिला, युवा और सभी कमजोर एवं वंचित वर्गों को ताकत एवं भागीदारी
देने में सर्वाधिक अग्रणी भूमिका निभाई।
उत्तर प्रदेश राजीव गांधी स्टडी सर्कल के समन्वयक डा.विनोद चन्द्रा ने जहां सेमिनार में प्रतिभाग करने वालों का स्वागत किया। कार्यक्रम को डा.अंशु केडिया, आरती वाजपेयी,सुनीता निषाद तथा डा.शैलेन्द्र शुक्ला (कानपुर) तन्मय चटर्जी एवं अभिनीत कुशवाहा (इलाहाबाद) ने संबोधित किया।
इस मौके पर कांग्रेस प्रवक्ताओं में डा. हिलाल नकवी, शुचि विश्वास, विकास श्रीवास्तव, सचिन रावत,डी.पी.सिंह,संजय सिंह, ब्रिजेन्द्र सिंह,डा.गुलाब रा व अयाज खान शामिल थे। संचालन राजीव गांधी स्टडी सर्किल के लखनऊ समन्वयक डा.ध्रुव त्रिपाठी ने किया।
https://rashtriyadinmaan.com
