
बेंगलुरु: कर्नाटक में बुधवार को जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन के नेता एचडी कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल वजुभाई वाला ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. कांग्रेस के जी. परमेश्वर ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
कर्नाटक विधानसभा में हुए शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर विपक्षी एकजुटता की झलक भी दिखी. मंच पर संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री और एचडी कुमारस्वामी के पिता एचडी देवेगौड़ा, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, माकपा नेता सीताराम येचुरी और बसपा प्रमुख मायवती भी दिखीं. इनके अलावा बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, रालोद प्रमुख अजीत सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, भाकपा के डी राजा और राकांपा प्रमुख शरद पवार भी नजर आए.
कुमारस्वामी एक हफ्ते के अंदर कर्नाटक में शपथ लेने वाले दूसरे मुख्यमंत्री हैं. दरअसल, भाजपा के प्रदेश प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने 19 मई को शक्ति परीक्षण का सामना किए बगैर इस्तीफा दे दिया था.
कुमारस्वामी का यह दूसरा कार्यकाल है. इससे पहले उन्होंने फरवरी 2006 से अक्तूबर 2007 के बीच 20 महीनों तक जेडीएस-भाजपा गठबंधन सरकार का नेतृत्व किया था. कुमारस्वामी ने स्वीकार किया है कि अगले पांच साल कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार चलाना उनके लिए ‘बड़ी चुनौती’ रहेगी.
गौरतलब है कि 224 सदस्यीय विधानसभा की प्रभावी क्षमता फिलहाल 221 सदस्यों की है. विधानसभा चुनाव में भाजपा 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी.
https://rashtriyadinmaan.com
