
लखनऊ | जिस वक्त पुलिस की टीम अभिषेक गुप्ता के घर पहुंची, उस वक्त अभिषेक एक निजी न्यूज चैनल को इंटरव्यू दे रहे थे। पुलिस इंटरव्यू के दौरान ही अभिषेक को उठा ले गई। यह पूरा ड्रामा वहां मौजूद मीडियाकर्मियों के कैमरे में कैद हो गया। गौरतलब है कि लखनऊ के अभिषेक गुप्ता ने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एसपी गोयल पर 25 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। उधर अभिषेक गुप्ता का परिवार सीएम आवास पहुंच गया है। मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर अभिषेक गुप्ता के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।
इस मामले में राज्यपाल की ओर से प्रमुख सचिव पर कार्रवाई के संबंध में मुख्यमंत्री को खत लिखने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। पूरे मामले में नया मोड़ तब आ गया, जब भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित ने एसएसपी लखनऊ से मिल कर अभिषेक गुप्ता के खिलाफ मुदकमा दर्ज करा दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लखनऊ को तहरीर देने के बाद भारत दीक्षित ने बताया कि अभिषेक गुप्ता भाजपा का नाम लेकर पार्टी की छवि धूमिल कर रहा है। वह पिछले दिनों प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल का नाम लेकर भी भाजपा की छवि धूमिल करने की कोशिश कर चुका है।
इसके बाद विशेष सचिव मुख्यमंत्री सुभ्रान्त शुक्ला और मीडिया द्वारा मामला संज्ञान में आने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
https://rashtriyadinmaan.com
