मुख्यमंत्री योगी ने प्रमुख सचिव पर लगे आरोपों की जांच केलिए मुख्य सचिव को निर्देश दिया


Yogi-adityanath
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिषेक गुप्ता की ओर से प्रमुख सचिव एसपी गोयल पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए मुख्य सचिव राजीव कुमार को निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरी रिपोर्ट मुख्य सचिव राजीव कुमार से मांगी है।
गौरतलब है कि अभिषेक गुप्ता ने गोयल पर 25लाख रुपए रिश्वत के रूप में मांगने के आरोप लगाए हैं। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने जारी बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव राजीव कुमार को अभिषेक गुप्ता के जनपद हरदोई में एक पेट्रोल पम्प की स्थापना सम्बन्धी प्रकरण की तथ्यात्मक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
बीजेपी यूपी मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित की तरफ से आरोप लगाने वाले अभिषेक गुप्ता के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करा कर सरकार की ओर से बचाव करने की कोशिश की गई थी। भारत दीक्षित ने अपनी तहरीर में कहा था कि अभिषेक गुप्ता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन व अन्य लोगों का नाम लेकर अधिकारियों पर गलत ढंग से दबाव बना रहा था। इससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही थी। उधर, लखनऊ पुलिस ने अभिषेक गुप्ता को हिरासत में ले लिया है।

Scroll To Top
Translate »