
लखनऊ. आलमबाग का अत्याधुनिक तकनीकी से तैयार इंटरनेशनल बस अड्डा बनकर तैयार हो चुका है. मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के हाथों इसके उदघाटन का कार्यक्रम भी तय है. लेकिन, इससे पहले ही सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने इसका उदघाटन कर इसे अखिलेश यादव सरकार की उपलब्धि बता जश्न मनाया.
सपा की अखिलेश सरकार के दौरान मेट्रो प्रोजेक्ट को देखते हुए आलमबाग बस अड्डे को अत्याधुनिक बनाने रूप देने का प्रोजेक्ट तैयार किया था. मेट्रो के काम के साथ ही यहां की बसों के ठहराव को चारबाग शिफ्ट कर पुरानी बिल्डिंग की जगह नई इमारत की नींव रखी गई. वाई-फाई और तमाम आधुनिक सुविधाओं से लैस इस एयरकंडीशंड बस अड्डे को इंटरनेशनल स्तर पर बनाने का काम शुरू हुआ.
मंगलवार को इस बस अड्डे का लोकार्पण सीएम योगी आदित्यनाथ स्वयं करने पहुंच रहे हैं. लेकिन, सोमवार को यहां जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने इसका उदघाटन कर दिया. सपा कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजे के साथ यहां पहुंचे और बस अड्डे के बनकर तैयार होने की खुशी में मिठाई भी बांटी. सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा सरकार पूर्व सीएम के काम को अपना बताकर महज फीता काट रही है. जबकि यह उपलब्धि अखिलेश सरकार की है. सपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की भनक लगते ही वहां पुलिस पहुंची और उन्हें खदेड़ने की कोशिश की. इस पर नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध भी किया.
https://rashtriyadinmaan.com
