
इस मामले में ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले दिल्ली सरकार के वकीलों के पैनल में चिदंबरम भी शामिल थे। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया ”केजरीवाल बुधवार शाम चिदंबरम से मिलकर उनका शुक्रिया अदा करेंगे। सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली सरकार का पक्ष रखने वाले वकीलों में चिदंबरम भी शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च अदालत के पांच जजों की बैंच ने बुधवार को इस मामले में दिए अहम फैसले में कहा कि उप-राज्यपाल को शासन प्रशासन संबंधी फैसले लेने का स्वतंत्र अधिकार नहीं है। उप-राज्यपाल निर्वाचित सरकार के परामर्श पर काम करने के लिए बाध्य हैं। अदालत ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा नियुक्त उप-राज्यपाल सरकार की राह में बाधा उत्पन्न करने वाले की तरह काम नहीं कर सकते हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने दिल्ली में उप-राज्यपाल बनाम निर्वाचित सरकार मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को प्रतिनिधिमूलक लोकतंत्र के लिए जबर्दस्त जीत करार दिया और कहा कि इस कानूनी लड़ाई की शुरुआत के लिए केंद्र सरकार में जो भी जिम्मेदार है उसे जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।
चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, ”दिल्ली सरकार बनाम उप-राज्यपाल मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं। यह प्रतिनिधिमूलक लोकतंत्र के लिए जबर्दस्त जीत है।
पूर्व गृहमंत्री ने सवाल किया, ”उप-राज्यपाल (अच्छे ट्रैक रिकॉर्ड वाले) ने अपने राजनीतिक आकाओं द्वारा कानून के संदर्भ में खुद को क्यों गुमराह होने दिया।
उन्होंने कहा कि कानूनी लड़ाई की शुरुआत के लिए केंद्र सरकार में जो भी जिम्मेदार है उसे जिम्मेदारी लेनी चाहिए, लेकिन वो ऐसा कुछ भी नहीं करेंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
