माल्या से हुई 963 करोड़ रुपये की वसूली, बाकी के लिए ब्रिटेन की अदालत ने जगाई उम्मीद


vijay-mallya-reuters_625x300_1530333724952

नई दिल्ली |  भारतीय बैंकों ने अब तक भगोड़े विजय माल्या से 963 करोड़ रुपये की वसूली कर ली है । स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एमडी अरिजित बसु ने बताया कि शराब कारोबारी विजय माल्या की संपत्तियों की नीलामी कर यह रकम बैंकों ने वसूली है। इसके अलावा बैंक अब बकाया रकम की वसूली के लिए प्रयास में जुटे हुए हैं। ब्रिटेन की एक अदालत की ओर से माल्या की संपत्ति की जांच एवं जब्त करने का अधिकार दिए जाने को उन्होंने भारतीय बैंकों के लिए अच्छी खबर करार दिया।

रिजित बसु ने शुक्रवार को बताया कि शराब कारोबारी विजय माल्या पर बकाये की अधिकतम वसूली के लिए भारतीय बैंक ब्रिटेन की सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। आपको बता दें कि देश से भागकर माल्या ब्रिटेन में रह रहे हैं। अब वहां की एक अदालत ने उनकी संपत्तियों की जांच करने तथा उन्हें जब्त करने का अधिकार दे दिया है।

बसु ने पत्रकारों से कहा, ‘हम अदालत के आदेश से काफी खुश हैं। हमें उम्मीद है इस तरह के आदेश से हम संपत्तियों को वसूल लेंगे।’ बसु ने कोई आंकड़ा दिए बिना कहा, ‘हमें उम्मीद है कि हमारे बकाये की ठीक-ठाक वसूली हो जाएगी।’ माल्या के खिलाफ देश के अंदर वसूली की कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी संपत्तियों की नीलामी कर बैंकों के समूह के 963 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं।’

गौरतलब है कि किंगफिशर एयरलाइंस को 13 बैंकों के समूह ने ऋण दिया था। भारतीय स्टेट बैंक की इसमें सर्वाधिक हिस्सेदारी है। ब्रिटेन के हाई कोर्ट ने हाल में एक आदेश में माल्या से कर्ज वसूलने के लिए भारतीय बैंकों के पक्ष में महत्वपूर्ण आदेश दिया। इसके तहत वसूली की कार्रवाई के लिए अधिकारी और एजेंट माल्या के लंदन स्थित ठिकानों में प्रवेश कर सकते है और जरूरत पड़ने पर उचित बल प्रयोग भी कर सकते हैं।


Scroll To Top
Translate »