इजराइल तकनीक की सहायता से बुन्देलखण्ड सहित पूर्वी क्षेत्रोें में गिरते भूजल को रोकने के साथ-साथ किसानों की आय की जायेगी दोगुनी: मुख्य सचिव


Press (1)

 

मुख्यमंत्री से इज़राइल के राजदूत के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की 
मुख्य सचिव की इजराइल के राजदूत के साथ आये प्रतिनिधिमण्डल के साथ बैठक
लखनऊ  |प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  से आज यहां उनके सरकारी आवास पर इज़राइल के राजदूत श्री डेनियल कैरमाॅन के नेतृत्व में आए एक प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की।
प्रतिनिधिमण्डल में इज़राइल के ऊर्जा एवं जल मंत्रालय के उप महानिदेशक श्री येशज़्केल लिफ्शिट्ज़, सुश्री अडीना डार, श्री अविशे हारपाॅज़, सुश्री तमार ज़ीव एवं श्री ओडेड डिस्टेल शामिल थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने इज़राइल के राजदूत को भगवान बुद्ध की प्रतिमा प्रतीक स्वरूप भेंट की।
मुलाकात के दौरान मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि बुन्देलखण्ड में किसानों की आय को बढ़ाना तथा गिरते भूजल स्तर को रोकना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। पानी की एक-एक बूंद का बेहतर उपयोग कर गिरते भूजल के स्तर को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि इजराइल ने कम सिंचाई से अधिक कृषि उपज लेने की तकनीक विकसित की है। इजराइल की इस तकनीक की सहायता से प्रदेश के बुन्देलखण्ड सहित पूर्वी क्षेत्रोें में गिरते भूजल को रोकने के साथ-साथ सिंचाई, कृषि, बागवानी इत्यादि क्षेत्रों में इसका भरपूर लाभ लेते हुये किसानों की आय दोगुनी की जायेगी।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में इजराइल के राजदूत श्री डैनियल कैमरून के साथ आये प्रतिनिधिमण्डल के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने इजराइल तकनीक का उपयोग कर गिरते भूजल स्तर को रोकने के साथ-साथ किसानों की आय में क्षमतावृद्धि के लिये इजराइली विशेषज्ञों एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जल निगम के पुनर्गठन एवं कार्यक्षमता में वृद्धि करने के साथ-साथ उ0प्र0 जल निगम की प्रोजेक्ट प्रीप्रेशन इकाई (पी0पी0आर0बी0डी0सेल) को विश्व स्तरीय तकनीक अपनाने में इजराइल का सहयोग प्राप्त किया जाये।
बैठक में इजराइल के राजदूत श्री डैनियल कैमरून ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र के साथ-साथ पूर्वी क्षेत्र में गिरते भू-जल स्तर रोकने में तथा किसानों की आय वृद्धि करने में हर संभव मदद हेतु इजराइल सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि इजराइली विशेषज्ञ दल द्वारा आगामी दो दिनों में चित्रकूट एवं झांसी मण्डल का भ्रमण किया जायेगा तथा जल संचयन एवं प्रबंधन, कृषि एवं उद्यान के विकास के लिये इजराइल द्वारा विकसित तकनीक के उपयोग के सम्बन्ध में अपना प्रस्ताव प्रस्तुत करेगा।
बैठक में सलाहकार नगर विकास श्री केशव वर्मा, जल निगम के अध्यक्ष श्री जी0पटनायक, प्रमुख सचिव लघु सिंचाई श्रीमती अनीता सिंह, प्रमुख सचिव कृषि श्री अमित मोहन प्रसाद, प्रमुख सचिव बाल विकास पुष्टाहार श्रीमती मोनिका एस0 गर्ग सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »