
मुंबई | महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार भारी बारिश के चलते जलभराव से पूरे शहर की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह सड़कों और रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से शहर का यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोगों को बचाने और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए एनडीआरएफ की टीमें लगाई गईं हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में सोमवार सुबह तक 165.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि उपनगरीय इलाके में 184.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। आने वाले दिनों में और ज्यादा बारिश की संभावना है।
लोकल ट्रेन नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित
भारी बारिश के चलते रेल ट्रैक पर जगह-जगह पानी भर जाने से मुंबई की लाइफलाइन मानी जानेवाली मुंबई लोकल ट्रेनों का संचालन लगभग ठप हो गया है। वेस्टर्न सबअर्बन लोकल ट्रेनें जहां देरी से चल रही हैं, वहां वसई और विरार के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गईं। इसके अलावा एसी लोकल ट्रेनें भी सोमवार को बंद ही रहेंगी।
बस और फ्लाइट सेवाएं भी बाधित
मुंबई शहर में चलने वाली बेस्ट की बसें भी बुरी तरह प्रभावित हुईं हैं। कई बसों के रूट में बदलाव भी किया गया है। बेस्ट ने 9 मुंबई एसी बसों के ट्रेन रूट्स में बदलाव किया है। कई फ्लाइट्स की उड़ान में 30 मिनट की देरी के अलावा कुल 72 उड़ानें प्रभावित हुईं हैं।
आश्वासन दे रहे मंत्री
मुंबई में बाढ़ की स्थिति के बावजूद महाराष्ट्र सरकार के मंत्री विनोद तावड़े का कहना है, ‘आपदा प्रबंधन ने बताया है कि मुंबई में जलभराव की कोई स्थिति नहीं है। संबंधित अथॉरिटी स्थिति नियंत्रण में रखे हुए हैं। चिंता करने की कोई बात नहीं है क्योंकि आपदा प्रबंधन किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।’
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक पिछले 21 दिनों में शहर में औसत मौसमी कुल बारिश की 60 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। दहीसर, बोरिवली, मलाड, जोगेश्वरी, अंधेरी, सांताक्रूज, माहिम, कुर्ला, परेल, दादर, चेंबुर, किंग सर्किल, सियॉन, वडाला, मस्जिद बंदर, घाटकोपर, पोवाई, भांडुप और अन्य जगहों पर भारी जलजमाव है। पूर्वी एक्सप्रेस हाईवे, पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे और पूर्वी फ्रीवे पर भारी जाम लग गया है। मुंबई के अलावा, मुंबई मेट्रोपोलिटन क्षेत्र के जिले जैसे ठाणे, पालघर, रायगढ़ में भी भारी बारिश हुई है।
यात्रियों की जानकारी के लिए वेस्टर्न रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। सूरत के लिए 02612401791, मुंबई सेंट्रल के लिए 23077292 और बांद्रा टर्मिनस के लिए हेल्पलाइन नंबर 26425756 है।
https://rashtriyadinmaan.com
