
लखनऊ | प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य की जनता की भावनाओं का सम्मान करना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार ने सत्ता सम्भालने के बाद प्रदेश की जनता को तमाम समस्याओं से निजात दिलाने का संकल्प लिया था और धीरे-धीरे इस संकल्प को पूरा करने का काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत के निर्माण के लिए कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री की अगुवाई में उत्तर प्रदेश का नाम पूरे विश्व में विख्यात हो रहा है। बडे़-बडे़ उद्योगपति यहां अपनी उद्योग इकाइयों की स्थापना हेतु निवेश करने के इच्छुक हैं।
मुख्यमंत्री ने यह विचार आज जनपद सहारनपुर में दिल्ली रोड स्थित साउथ सिटी काॅलोनी में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। इससे पूर्व, केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी व उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने संयुक्त रूप से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग एन0एच0-709 बी के शामली-सहारनपुर खण्ड के 4-लेन चैड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना की लम्बाई 62.772 कि0मी0 एवं लागत 779.39 करोड़ रुपए है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस 4-लेन मार्ग को मां शाकुम्भरी देवी मन्दिर तक बनाए जाने की घोषणा की। उन्हांेंने कहा कि हिण्डन, पांवधोई तथा ढमोला नदियों की सफाई व सौन्दर्यीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वाहनों में जी0पी0एस0 प्रणाली का शुभारम्भ भी किया। उन्होंने बताया कि खाद्यान्न के डायवर्जन को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। गरीबों का खाद्यान्न अब इधर-उधर नहीं किया जा सकेगा और यह जरूरतमन्दों तक सुलभता से पहुंचेगा। अब खाद्यान्न की चोरी नहीं हो पायेगी, सीधे राशन की दुकानों में ही जायेगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जनपद को एक विश्वविद्यालय की सौगात भी प्रदान की जायेगी, जिसके लिए कार्य प्रगति पर है।
इस मौके पर 29 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया जिनकी कुल लागत 6689.22 लाख रुपए है। शिलान्यास किए गए कुल 19 कार्यों में लोक निर्माण विभाग के 10 सड़क व पुल सम्बन्धी कार्य, उ0प्र0 राज्य निर्माण सहकारी संघ लि0 का 01 भवन कार्य, जल निगम के 08 पेयजल कार्य शामिल हैं। इन समस्त परियोजनाओं की कुल लागत 3646.02 लाख रुपए है। इसी प्रकार लोकार्पित 10 कार्यों में पी0डब्ल्यू0डी0 के 02 सड़क कार्य, उ0प्र0 राज्य निर्माण सहकारी संघ लि0 के 05 भवन कार्य, सिंचाई विभाग का 01 भवन कार्य एवं जल निगम के 02 पेयजल कार्य सम्मिलित हैं। इन कार्यों की कुल लागत 3043.20 लाख रुपए है। इस अवसर पर मण्डलायुक्त श्री सी0पी0 त्रिपाठी व जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 40 लाख रुपए का चेक सौंपा।
केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि सहारनपुर-दिल्ली हाईवे फोरलेन बनने से जहां पहले दिल्ली पहंुचने पर छह-सात घंटे लगते थे वहीं अब राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण होने के बाद सहारनपुर वासियों को दिल्ली पहंुचने तक मात्र दो-ढाई घण्टे ही लगेगा। इस मार्ग के निर्मित हो जाने पर जहां व्यापारियों, उद्यमियों को फायदा होगा वहीं रोजगार व व्यापार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसका सीधा लाभ आमजन को मिलेगा। विकास की दृष्टि से भी यह निर्माण रामबाण साबित होगा। उन्होंने कहा कि सहारनपुर से दिल्ली तक का यह राष्ट्रीय राजमार्ग विकास का ग्रोथ इंजन बनने वाला है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राज्य सरकार सभी जनपदों, क्षेत्रों, गांव तथा वर्गों के लिए काम कर रही है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ राज्य सरकार का संकल्प है। इसी भावना के साथ समाज के कमजोर, गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाते हुए आम नागरिक को राहत प्रदान की है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के बन जाने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर विकसित होंगे, आवागमन में समय एवं ईंधन की बचत होगी। साथ ही, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक पहुंचने की समय सीमा में कमी आएगी और सुविधाओं का विकास भी होगा। जनपद सहारनुपर की काष्ठ कला एवं लघु उद्योगों को गति मिलेगी। इसके अलावा तीन राज्यों, उत्तराखण्ड, दिल्ली एवं यू0पी0 को जोड़कर सुगम यातायात में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय मानव विकास संसाधन राज्य मंत्री डाॅ0 सत्यपाल सिंह, प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सुरेश राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
