लखनऊ में विद्युत सुरक्षा निदेशालय का बाबू 60 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार


एसीओ की लखनऊ इकाई ने गोमती नगर के विभूति खंड स्थित विद्युत सुरक्षा निदेशालय में तैनात कनिष्ठ सहायक दिनेश कुमार श्रीवास्तव को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। कनिष्ठ सहायक ने लखनऊ के ही बाजार खाला थाना क्षेत्र स्थित न्यू तिलक नगर (ऐशबाग) निवासी शिकायतकर्ता विकास बाथम से घूस की मांग की थी। विकास से उनकी फर्म मेसर्स कृति इंटरप्राइजेज को बिजली लाइसेंस दिलाने के बदले घूस मांगा गया था। इस संबंध में चिनहट थाने में मुकदमा दर्ज कराकर अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।

इससे पहले एसीओ की वाराणसी इकाई ने वक्फ निरीक्षक सुनील कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया था। वक्फ निरीक्षक ने वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित कछिरांव निवासी शिकायतकर्ता हैदर अली से 50 हजार रुपये घूस की मांग की थी। यह रकम उनके मदरसा इस्लामियां वारसी कछिरांव जनपद वाराणसी के 12 कर्मचारियों का 18 महीने का रुका हुआ वेतन भुगतान कराने के एवज में मांगी जा रही थी। इस संबंध में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है। वक्फ निरीक्षक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वाराणसी के कार्यालय में तैनात था।

इसी तरह एसीओ की मुरादाबाद इकाई ने उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के सम्पत्ति प्रबंधक सुभाष चन्द्र मौर्य को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया। सम्पत्ति प्रबंधक ने मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र स्थित जिगर कालोनी निवासी श्रीमती निर्देश चौधरी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास देने के एवज में 20 हजार रुपये घूस की मांग की जा रही थी। इस संबंध में मझौला थाने में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।


Scroll To Top
Translate »