अलीगढ़ में बोले अमित शाह , यूपी में महागठबंधन ढकोसला है


lucknow | भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) नेअलीगढ़ में कहा कि महागठबंधन ढकोसला है। उससे डरने की जरूरत नहीं है। लोग पूछते हैं कि बुआ (बसपा सुप्रीमो मायावती) और भतीजा (सपा प्रमुख अखिलेश यादव) इकट्ठे हो गये अब यूपी (उत्तर प्रदेश) का क्या होगा? मैं कहता हूं कि राहुल (कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी) को भी इकट्ठा कर लो, यूपी में भाजपा की 73 से 74 सीटें होने वाली हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहते है कि अयोध्या में उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो। कांग्रेस, सपा और बसपा के लिए यही कहना चाहता हूं कि हमारा स्टैंड तो साफ है, लेकिन अगर हिम्मत है तो ये राम मंदिर पर अपना एजेंडा साफ करें।

1- बजट में मोदी सरकार ने प्रावधान किया कि सभी लघु और सीमांत किसानों को 6000 रुपए सालाना दिया जाएगा। हर किसी ने इसका स्वागत किया लेकिन राहुल बाबा इसके भी खिलाफ खड़े हो गए:

2- मैं कार्यकर्ताओं का आह्वान करने आया हूं कि बुआ—भतीजे की जुबान पर अलीगढ़ का ताला लगाने का काम भाजपा 74 सीटें जीतकर करेगी।

3- सपा-बसपा पर हमला जारी रखते हुए शाह ने कहा कि दोनों ही पार्टियों ने परिवारवाद से ग्रस्त उत्तर प्रदेश दिया था लेकिन हमने जात-पात को हटा कर ‘सबका साथ सबका विकास’ करने का काम किया।

4- देश की सुरक्षा के लिए खतरा बने घुसपैठियों का कांग्रेस समर्थन कर रही है लेकिन देश के कोने-कोने से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम मोदी सरकार करेगी।

5- उत्तर प्रदेश में भू-माफिया के खिलाफ अभियान चलाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। हाल ही में एक ही तहसील के अंदर 140 हेक्टेयर जमीन सपा-बसपा के गुंडों से मुक्त कराई गई है।

6- जब से भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार आई है, दुश्मनों को ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाता है। अपने देश के दुश्मनों को जवाब अब तक सिर्फ दो ही देश अमेरिका और इस्राइल देते थे लेकिन अब तीसरा नाम भारत का भी जुड़ गया है।

7- 10 साल तक यूपीए की सरकार ने देश की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया। देश में आतंकी बम धमाके करते रहते थे। बीजेपी सरकार ने उरी हमले के 10 ही दिन के अंदर सेना के रण बांकुरों ने पाकिस्तान के अंदर जाकर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया।

8- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा को आगे बढ़ने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। बंगाल में ममता भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का काम कर रही हैं लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता भी ईंट से ईंट बजाने का काम करेंगे।

9- मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि 2006 में आपकी सरकार ने जो ऋणमाफी की थी, वो मात्र 53 हजार करोड़ रुपये थी। मोदी जी जो ये 6 हजार रुपये वार्षिक की सहायता लघु और सीमांत किसानों को देने वाले हैं, वह धनराशि 1 साल में ही 75 हजार करोड़ रुपये बैठती है।

10-कांग्रेस, सपा और बसपा सहित सभी दल NRC का विरोध कर रहें है। लेकिन हमने तय किया है कि 2019 में हमारी सरकार बनने पर हम कश्मीर से कन्याकुमारी और आसाम से गुजरात तक हर एक घुसपैठिये को चुन-चुन निकाल बाहर करेंगे।


Scroll To Top
Translate »