
मुख्यमंत्री ने जनपद बलरामपुर में प्रधानमंत्री द्वारा नई दिल्ली से
‘फिट इण्डिया मूवमेन्ट’ के शुभारम्भ के लाइव प्रसारण का अवलोकन किया
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद बलरामपुर तुलसीपुर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इन्दिरा गांधी स्टेडियम नई दिल्ली से ‘फिट इण्डिया मूवमेन्ट’ के शुभारम्भ के लाइव प्रसारण का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। शारीरिक स्वास्थ्य का प्रभाव न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य व परिवार पर पड़ता है, बल्कि समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि 130 करोड़ आबादी वाले देश का प्रत्येक नागरिक शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट हो व देश निर्माण में अपना योगदान दे सके, इस उद्देश्य के साथ प्रधानमंत्री जी द्वारा ‘फिट इण्डिया मूवमेन्ट’ की शुरुआत पूरे भारत में की गयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत करते हुये अत्यन्त प्रसन्नता हो रही है। आज हाॅकी के जादूगर व प्रसिद्ध खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयन्ती व राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पूरे देश में इस कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जा रहा है। हम सबका सौभाग्य है कि मेजर ध्यानचंद जी का सम्बन्ध उत्तर प्रदेश से रहा है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक चाहे वह जिस भी कार्यक्षेत्र में हो, इस अभियान के साथ जुड़े। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी विद्यार्थी पठन-पाठन के साथ खेलकूद को अपनी दिनचर्या में अवश्य शामिल करें।
मुख्यमंत्री द्वारा इस अवसर पर लोगों को फिटनेस की शपथ ’मैं शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से फिट रहूॅगा, साथ ही अपने परिवार एवं अपने परिवेश के अन्तर्गत आने वाले सभी व्यक्तियों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित करूंगा, चंूकि स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन एक दूसरे पर आश्रित है, इसलिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दूंगा, इसके लिए मैं आचार-विचार, आहार-विहार एवं अन्य संबन्धित पक्षों पर ध्यान संकेन्द्रित करूंगा‘ दिलायी गयी।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा ताइक्वांडों कला का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा ताइक्वांडो कला का प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित मैराथन दौड़ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी द्वारा विद्यालय में महन्त अवेद्यनाथ जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री उपेन्द्र तिवारी एवं देवीपाटन मन्दिर के महन्त योगी मिथिलेश नाथ जी ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधिगण व शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
