CM योगी ने कहा , कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा और परेशानियों को दूर करना हमारी जिम्मेदारी


दूसरे राज्यों के छात्रों से संवाद और बातचीत राज्य की बेहतर छवि के लिए जरूरी है

लखनऊ |  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने शनिवार को अलीगढ़ सहित प्रदेश भर से आए जम्मू-कश्मीर  के छात्रों के समूह से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने छात्रों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश शासन की तरफ से हर संभव मदद का आश्वासन दिया. सीएम योगी ने कहा कि दूसरे राज्यों के छात्रों से संवाद और बातचीत राज्य की बेहतर छवि के लिए जरूरी है. लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास 5, कालीदास मार्ग पर हुई इस बैठक में सीएम योगी ने कहा कि वो सभी छात्रों का स्वागत करते हैं, और उन्हें खुशी है कि आप सभी छात्रों से संवाद का मौका मिला.

योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद ही उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि दूसरे राज्यों और विदेश से यूपी में पढ़ाई करने आने वाले छात्रों से संवाद स्थापित किया जाए. साथ ही उन्हें स्थानीय स्तर पर आने वाले दिक्कतों का समाधान भी समय से किया जाए. उन्होंने कहा कि इसके दो कारण थे, एक तो इन छात्रों को पढ़ाने के लिए इनके माता-पिता फीस के लिए जी तोड़ मेहनत करते हैं और दूसरा वो विश्वास के कारण छात्रों को यूपी भेजते हैं. सीएम ने कहा कि तो राज्य स्तर पर मेरी और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि इन छात्रों से संवाद स्थापित किया जाए और उनकी समस्याओं को सुलझाया जाए. साथ ही उन्हें सुरक्षा दी जाए.

सीएम योगी ने कहा कि हमारा राज्य भले ही भिन्न है, यहां संस्कृति भले ही भिन्न है लेकिन आखिरकार आप सभी हमारे बच्चे हैं. मुझे खुशी है कि आज जम्मू-कश्मीर के छात्रों के साथ संवाद शुरू हुआ है. सीएम ने कहा कि आप सभी अपने मुद्दे बना किसी हिचक के मेरे सामने रख सकते हैं. हो सकता है कि आपकी कुछ समस्याएं हों लेकिन आप बेझिझक उसे मेरे सामने रख सकते हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कई समस्याएं सिर्फ तभी शुरू होती हैं, जब कोई बातचीत नहीं होती. संवाद के अभाव में गंभीर समस्याएं जन्म ले लेती हैं. बातचीत से कई मुद्दे सुलझाए जा सकते हैं और चीजें बेहतर होती हैं. उन्होंने कहा कि हो सकता है कि आपके कई मुद्दे हों, जिन पर हम केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करें और उन्हें सुलझाएं. कुछ ऐसी भी समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें हमें जम्मू-कश्मीर प्रशासन से बातचीत कर उन्हें सुलझाना हो. सीएम योगी ने छात्रों से कहा कि आपको मुझसे बातचीत करने में किसी भी प्रकार का कोई संदेह नहीं होना चाहिए. मुझसे की गई कोई भी बात बाहर नहीं जाएगी. आप उत्तर प्रदेश में अगर किसी स्थानीय मुद्दे से जूझ रहे हैं तो उसे हम सुलझाएंगे. मैं खुद समस्या सुलझने तक मॉनीटर करूंगा.

इस दौरान यूपी सरकार के कामकाज की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए हमने पालिसी बनाई है. किसानों के उत्पादन की खरीद की हमने व्यवस्था की है. उत्तर प्रदेश में 23 करोड़ की आबादी है, रोजगार के लिए हमने निवेश बढ़ाया. 2 लाख करोड़ से अधिक का हमने ढाई साल में निजी निवेश कराया है. एक प्रक्रिया इसी तरह आगे बढ़ रही है. हमारे पास प्राकृतिक संसाधन बहुत हैं, पर पहले किसान परेशान था. हमारी सरकार आने के बाद मैंने कहा पता करो कि क्यों किसान परेशान है? उनके लिए हमने रास्ते निकले.

हमारे पास मजबूत टीम है: सीएम योगी
सीएम योगी ने इस दौरान छात्रों को बताया कि प्रदेश के प्रमुख सचिव सूचना और प्रमुख सचिव गृह की जिम्मेदारी संल रहे अवनीश अवस्थी आईआईटी कानपुर से पढ़े हैं. अवनीश अवस्थी गृह और सूचना विभाग को देखते हैं और जरूरी है कि आप सभी इनके कार्यो से सीखें. हमारी मजबूत टीम है.


Scroll To Top
Translate »