
आगरा | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जिस रास्ते से गुजरेंगे उस पर अमेरिकी सेटेलाइट से भी नजर रखेंगे। आगमन से पहले पूरे रूट की सेटेलाइट स्क्रीनिंग भी की जाएगी। रास्ते के अतिरिक्त जैमर लागए जाएंगे। जैमर इतने हाईटेक होंगे की ड्रोन तक नहीं उड़ सकेंगे और वो जाम हो जाएंगे। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के पास आगरा पुलिस से ज्यादा डाटा है। पूर्व में वह ताजनगरी की स्क्रीनिंग कर चुके हैं।
साल 2015 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा को आगरा आना था। उस समय 15 दिन अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों का आगरा में डेरा रहा था। खेरिया से ताजमहल तक सेटेलाइट से भी रेकी की गई थी। पुराना पूरा डाटा अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के पास है। इस 5 सालों में आगरा में क्या-क्या बदला है, यह पता लगानें में उन्हे ज्यादा समय नहीं लगेगा। रूट पर किसी ऊंची छतें हैं यह सड़क पर घूमकर चिन्हित करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रूट पर कितने मकान और होटल हैं इसकी लिस्ट भी उनके पास है।
सूत्रों के अनुसार इस बार भी सेटेलाइट से स्क्रीनिंग की जा रही है। जिस दौरान ट्रंप की फ्लीट गुजरेगी उस दौरान भी सेटेलाइट से नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने अजीतनगर गेट से ताजमहल पूर्वी गेट तक 250 छतों को रूफ टॉप ड्यूटी के लिए चिन्हित किया है। सभी छतों पर कमांडो तैनात रहेंगे। जिनके पास दूरबीन रहेगी। कहां क्या चल रहा है वे इस पर नजर रखेंगे।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने 11 टीमें बनाई हैं। ये टीमें एक-एक घर में दस्तक दे रही हैं। वहां रहने वाले प्रत्येक सदस्य की सूची बना रहे हैं। उनके नाम, मोबाइल नंबर, उम्र नोट कर रही हैं। जो पूर्व में जेल जा चुके हैं वे वर्तमान में क्या कर रहे हैं यह देखा जा रहा है। इसी तरह दुकानदारों का सत्यापन कराया जा रहा है। 11 पुलिस कर्मियों की एक अलग टीम बनाई गई है।
एसएसपी ने बताया कि ट्रंप के आगमन की तैयारियों के चलते चलाया जा रहा सत्यापन अभियान आगे भी पुलिस के बहुत काम आएगा। पुलिस के पास वीआईपी रूट का पूरा डाटा होगा।
https://rashtriyadinmaan.com
