बाबा साहब डाॅ0 भीमराव आंबेडकर के जीवन मूल्यों और आदर्शाें के अनुरूप समाज एवं राष्ट्र का निर्माण करने में ही हमारी वास्तविक सफलता: राष्ट्रपति


राष्ट्रपति ने भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवंसांस्कृतिक केन्द्र, लखनऊ का शिलान्यास किया

बाबा साहब के स्मारक के रूप में सांस्कृतिक केन्द्र कानिर्माण करने की उत्तर प्रदेश सरकार की पहल सराहनीय

लखनऊ | राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने कहा कि बाबा साहब डाॅ0 भीमराव आंबेडकर के जीवन मूल्यों और आदर्शाें के अनुरूप समाज एवं राष्ट्र का निर्माण करने में ही हमारी वास्तविक सफलता है। इस दिशा में हमने प्रगति की है, किन्तु हमें अभी और आगे जाना है। उन्हांेने विश्वास जताया कि बाबा साहब के आदर्शाें पर आगे चलते हुए हम समता, समरसता, सामाजिक न्याय पर आधारित सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में सफल होंगे।
  राष्ट्रपति आज यहां लोक भवन सभागार में आयोजित एक समारोह में भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र, लखनऊ के शिलान्यास के उपरान्त अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्हांेने कहा कि बाबा साहब के स्मारक के रूप में सांस्कृतिक केन्द्र का निर्माण करने की उत्तर प्रदेश सरकार की पहल सराहनीय है। उन्होंने आकांक्षा व्यक्त की कि प्रस्तावित शोध केन्द्र बाबा साहब की गरिमा के अनुरूप उच्च स्तरीय शोध कार्य करे और शोध जगत में अपनी विशेष पहचान बनाए। उन्हांेने भरोसा जताया कि यह सांस्कृतिक केन्द्र सभी देशवासियों, विशेष कर युवा पीढ़ी को बाबा साहब के आदर्शाें एवं उद्देश्यों से परिचित कराने में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में राष्ट्रपति ने भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल श्रीमती आनन्दीबेन पटेल , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी डाॅ0 आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने भारत की प्रथम महिला श्रीमती सविता कोविन्द को शाॅल भेंटकर तथा मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया। इस अवसर पर भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र पर आधारित एक फिल्म भी प्रदर्शित की गयी। कार्यक्रम के प्रारम्भ में स्वस्ति वाचन के साथ शंख वादन किया गया। बौद्ध भिक्षुओं द्वारा संगायन व परिपाठ किया गया।
  राष्ट्रपति ने कहा कि इस अवसर पर स्वस्ति वाचन व बौद्ध भिक्षुओं के संगायन तथा परिपाठ से एक आध्यात्मिक वातावरण सृजित हो गया। बौद्ध भिक्षुओं के गायन में जिस ‘भवतु सब्ब मंगलम’ शब्द का उल्लेख हुआ है, बाबा साहब इसे बार-बार दोहराते थे। ‘भवतु सब्ब मंगलम’ का अर्थ है ‘सबकी भलाई’। बाबा साहब तर्क दिया करते थे कि लोकतंत्र में सरकारों का दायित्व है कि सबकी भलाई के लिए कार्य करें। वर्तमान सरकार भवतु सब्ब मंगलम के मूलभाव को साकार कर रही है।
राष्ट्रपति ने कहा कि लखनऊ शहर से भी बाबा साहब डाॅ0 आंबेडकर का खास सम्बन्ध रहा है, जिसके कारण लखनऊ को बाबा साहब की ‘स्नेह भूमि’ भी कहा जाता है। बाबा साहब के लिए गुरु समान, बोधानन्द जी और उन्हें दीक्षा प्रदान करने वाले भदंत प्रज्ञानन्द जी, दोनों का निवास लखनऊ में ही था। दिसम्बर, 2017 में अपनी लखनऊ यात्रा के दौरान उन्होंने (राष्ट्रपति जी) भदंत प्रज्ञानन्द जी की पुण्यस्थली पर जाकर, उनकी स्मृतियों को सादर नमन किया था। बाबा साहब की स्मृतियों से जुड़े सभी स्थल भारतवासियों के लिए विशेष महत्व रखते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार द्वारा बाबा साहब डाॅ0 आंबेडकर से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों को तीर्थ-स्थलों के रूप में विकसित किया गया है। महू में उनकी जन्म-भूमि, नागपुर में दीक्षा भूमि, दिल्ली में महापरिनिर्वाण स्थल, मुंबई में चैत्य भूमि तथा लंदन में ‘आंबेडकर मेमोरियल होम’ को तीर्थ-स्थलों की श्रेणी में रखा गया है। साथ ही दिसम्बर 2017 से, दिल्ली में ‘डाॅ0 आंबेडकर इन्टरनेशनल सेण्टर’ की स्थापना से देश-विदेश में बाबा साहब के विचारों के प्रचार-प्रसार का एक महत्वपूर्ण मंच राष्ट्रीय राजधानी में भी उपलब्ध है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि राष्ट्रपति जी द्वारा भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र का शिलान्यास हम सभी के लिए गर्व का विषय है। स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र में प्रेक्षागृह, पुस्तकालय, शोध केन्द्र सहित बाबा साहब की विशालकाय मूर्ति की स्थापना का प्राविधान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने केन्द्र का निर्माण कराए जाने के लिए राज्य सरकार की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति द्वारा भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र के शिलान्यास के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि बाबा साहब डाॅ0 भीमराव आंबेडकर को संविधान के शिल्पी के रूप में स्मरण किया जाता है। भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में वंचितांे, दलितों, उपेक्षितों तथा अन्तिम पायदान के व्यक्ति की बात होगी तो डाॅ0 आंबेडकर का नाम श्रद्धा एवं सम्मान के साथ लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डाॅ0 आंबेडकर विपरीत परिस्थितियों में उच्च शिक्षा ग्रहण कर देश की सेवा के लिए आगे आए। आज का दिन अत्यन्त महत्वपूर्ण है। 93 वर्ष पूर्व सन् 1928 में आज के ही दिन 29 जून को बाबा साहब द्वारा ‘समता’ नामक साप्ताहिक समाचार पत्र का शुभारम्भ समतामूलक समाज की स्थापना तथा देश की आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए किया गया था।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ0 नीलकण्ठ तिवारी ने कहा कि बाबा साहब डाॅ0 भीमराव आंबेडकर ने राष्ट्र की चेतना एवं दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। प्रधानमंत्री जी द्वारा बाबा साहब के विचारों के मूल भाव को ‘सबका साथ, सबका विकास’ के रूप में लागू किया जा रहा है। भारत सरकार ने बाबा साहब के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का विकास ‘पंच तीर्थ’ के रूप में कराया है।

इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, डाॅ0 दिनेश शर्मा, सदस्य विधान परिषद श्री स्वतंत्र देव सिंह, उ0प्र0 अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लालजी प्रसाद निर्मल एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञातव्य है कि युवा पीढ़ी को डाॅ0 आंबेडकर के आदर्शाें से परिचित कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा लखनऊ में भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र का निर्माण एक प्रेरणा स्थल के रूप में कराया जा रहा है। प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा स्थापित किए जा रहे इस स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र में बाबा साहब के दर्शन एवं विचारों, उनके आदर्शाें एवं शिक्षाओं तथा भारत के नवनिर्माण में उनके योगदान पर शोध करने के लिए एक सन्दर्भ पुस्तकालय एवं संग्रहालय भी स्थापित किया जा रहा है। ऐशबाग, लखनऊ में 1.34 एकड़ क्षेत्र में भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र के निर्माण हेतु भूमि चयनित कर ली गयी है। सांस्कृतिक केन्द्र में प्रवेश द्वार के ठीक सामने भारत रत्न डाॅ0 भीमराव आंबेडकर जी की 25 फीट ऊँची प्रतिमा की स्थापना के साथ ही बाबा साहब की पवित्र अस्थियों का कलश भी दर्शनार्थ स्थापित किया जायेगा। सांस्कृतिक केन्द्र में पुस्तकालय, शोध केन्द्र, अत्याधुनिक प्रेक्षागृह, आभासी संग्रहालय, डाॅरमेट्री, कैफेटेरिया, भूमिगत पार्किंग एवं अन्य जनसुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।


Scroll To Top
Translate »