राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे लखनऊ , राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया स्वागत


लखनऊ | राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिन के लखनऊ दौरे पर हैं। जहां वह कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सोमवार को वह प्रेसिडेंशियल ट्रेन से लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। स्वागत के बाद राष्ट्रपति राजभवन के लिए रवाना हो गए।

राष्ट्रपति की अगवानी के लिए लखनऊ के राजभवन में विशेष व्यवस्था की गई है। यहां पाश्चात्य सभ्यता के साथ-साथ अत्याधुनिक सुविधाएं राष्ट्रपति के लिए उपलब्ध हैं। राष्ट्रपति प्रेसिडेंशियल सुइट में रुकेंगे। यहीं वह दोपहर का भोजन परिवार के साथ करेंगे। शाम को चार बजे सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमन्ना और इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक न्यायाधीश मुनीश्वर नाथ भंडारी व हाईकोर्ट के अन्य न्यायधीशों के साथ स्वल्पाहार में शामिल होंगे। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद का कार्यक्रम आरक्षित रखा गया है।

अगले दिन सुबह वह मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार के आमंत्रित मंत्रियों के साथ नाश्ता करेंगे। सुबह 11:30 बजे वह लोकभवन में आम्बेडकर की मूर्ति का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद राजभवन वापस आ जाएंगे। यहां से चार बजे लखनऊ एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


Scroll To Top
Translate »