बोले मोदी, ‘अब प्याज के लिए हमें लॉकर खुलवाना पड़ेगा’


जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने रमन सिंह को मुख्यमंत्री के रूप में चुनने के लिए प्रदेशवासियों का अभिनंदन किया। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पंजे से छत्तीसगढ़ पूरी तरह तबाह हो जाता। कांग्रेस पूरी तरह छत्तीसगढ़ को बर्बाद कर देती।
मोदी ने कहा कि पहले ही चुनाव में जनता ने कांग्रेस को उखाड़ फेंका है। अगर यहां कांग्रेस की सरकार होती तो वह पूरा कोयला लूट लेती। साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए कहा कि वाजपेयी जी ने आपको छत्तीसगढ़ राज्य का तोहफा दिया और इस राज्य ने अभूतपूर्व विकास किया। नरेंद्र मोदी ने साथ ही प्रदेशवासियों से यह अपील किया कि अब वे विकास के लिए ही वोट दें। जाति-बिरादरी के लिए वोट न दें।
मोदी ने कहा कि 13 साल के बाद बच्चों का विकास तेज होता है। छत्तीसगढ़ राज्य भी 13 साल का हो गया है। अब से 18 साल तक विकास तेज होगा। अभी सही लालन-पालन जरूरी है। कांग्रेस पर वार करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस कांग्रेस सरकार से देश छीन लो। कांग्रेस ने गरीबों से प्याज को छीना। अब स्थिति ऐसी है कि हमें प्याज के लिए लॉकर खुलवाना पड़ेगा। कांग्रेस ने महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन उसने उसे तोड़ दिया। मोदी ने कहा कि भाइयों और बहनों वादाखिलाफी करने वालों की मत मानिए।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि शहजादे आंख में धूल झोंक रहे हैं। कांग्रेस सरकार तो हाथ की सफाई करती है। उन्होंने वादा किया था कि वे 100 दिन में महंगाई कम कर देंगे, लेकिन क्या हुआ? कहां गया वो वादा? यही नहीं, उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। मोदी ने कहा कि हुंकार रैली के दौरान हुए सीरीयल धमाकों के बाद भी बिहार सरकार गंभीर नहीं दिखी।


Scroll To Top
Translate »