LDAअपार्टमेण्टों में स्थापित होंगे कोविड हेल्प डेस्क, सेनीटाइजेशन कराया जायेगा


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बैठक करके अधिकारियों को दिये निर्देश

लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में कोविड-19 की रोकथाम के सम्बन्ध में मंगलवार को प्राधिकरण भवन में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें उपाध्यक्ष द्वारा अधिकारियों को सभी अपार्टमेण्टों में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना कराने के निर्देश दिये गये। उपाध्यक्ष ने कहा कि महामारी के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए बहुमंजिली आवासीय योजनाओं के काॅमन एरिया में पोस्टर लगाने के साथ ही सेनीटाइजेशन का कार्य कराया जाये। इसी के साथ उन्होंने कंट्रोल रूम बनाने के भी निर्देश दिये।

उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि प्राधिकरण की जो कालोनियाँ नगर निगम को हस्तांतरित नहीं हुई हैं। उनमें स्थित बहुमंजिली आवासीय भवनों में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना, लोगों को जागरूक करने हेतु पोस्टर लगाने तथा सेनीटाइजेशन का कार्य सुनिश्चित कराया जाना है। इसमें जो बहुमंजिली आवासीय योजनाएं रेजीडेण्ट वेलफेयर एसोसिएशन को हैण्डओवर की जा चुकी हैं, उनमें आर.डब्ल्यू.ए. के माध्यम यह कार्य करवायें जाये तथा जिनमें प्राधिकरण द्वारा अनुरक्षण कार्य देखा जा रहा है, उनमें प्राधिकरण की तरफ से उक्त कार्य करवायें जाये। इसी तरह प्राधिकरण द्वारा अनुरक्षित कालोनियों में निजी विकासकर्ता द्वारा बनाये गये बहुमंजिली आवासीय योजनाओं मंे भी उक्त व्यवस्था के तहत कोविड-19 की रोकथाम के लिए कार्य कराये जाये।

बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा अनुरक्षित कालोनियों में सड़कों, बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर भी सेनीटाइजेशन कराया जाये। सेनीटाइजेशन का कार्य कराने के लिए रूट चार्ट – रूट नम्बर/एरिया/क्षेत्रफल के साथ तैयार करा लिया जाये। इस काम में लगाई जाने वाली टीमों के पास उपलब्ध संसाधनों की सूची भी तैयार कर ली जाये। सचिव ने समस्त जोन के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्राधिकरण एवं निजी विकासकर्ता द्वारा बनाई गई बहुमंजिली आवासीय योजनाआंे में गठित रेजीडेण्ट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों एवं वहां रहने वाले अन्य दो-तीन अनुभवी लोगों के मोबाइल नम्बरों की सूची तैयार करा लें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनसे समन्वय स्थापित किया जा सके।

इसी प्रकार प्राधिकरण की योजनाओं से बाहर निजी विकासकर्ताओं द्वारा निर्मित बहुमंजिली आवासीय योजनाओं में भी कोविड-19 की रोकथाम के लिए उक्त कार्य कराये जाने हेतु उपाध्यक्ष ने जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष ने जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने जोन में एक कंट्रोल रूम स्थापित करें। जिसमें पर्याप्त स्टाफ तथा दूरभाष की व्यवस्था हो। इस कंट्रोल रूम में क्षेत्र में कोविड-19 के बचाव हेतु किये गये उपायों, कोविड पाॅजिटिव/होम आइसोलेशन व्यक्तियों आदि के सम्बन्ध में समस्त जानकारियों को एकत्र किया जाये तथा जिला प्रशासन द्वारा सौंपी गई अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन किया जाये।

उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने समस्त जोनल/अधिशासी अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में पाॅजिटिव व्यक्तियों को घर से बाहर न निकलने तथा कोविड-19 से सम्बन्धित उसकी आवश्यक समस्याओं का समाधान भी उपरोक्त कंट्रोम रूम के माध्यम से किये जाने हेतु निर्देशित किया। बैठक मे सचिव पवन कुमार गंगवार, मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह, मुख्य नगर नियोजक नितिन मित्तल एवं समस्त जोनल अधिकारी व अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »