
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण ने इंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ईआरपी) के जरिये आवंटियों से जुड़ी सेवाओं को पाने का अधिकार आवंटियों के हाथों में देने की शुरुआत कर दी है। प्रदेश में पहली बार किसी प्राधिकरण ने यह सुविधा शुरू की है। अब नो ड्यूज सर्टिफिकेट लेना हो या फिर नाम-पता में संशोधन। आवंटी को प्राधिकरण कार्यालय आने की जरूरत नहीं होगी। वह ऑनलाइन यह सुविधा हासिल कर सकेंगे। । इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री के हाथों 6 जनवरी को होना था। मुख्यमंत्री के नहीं आ पाने के कारण शुक्रवार को प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने एसीईओ दीप चंद्र व अमनदीप डुली, ओएसडी सचिन कुमार समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इसका बीटा वर्जन लांच कर दिया।
फिलहाल औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक 7, 10 और 11 के आवंटी अपना नो ड्यूज सर्टिफिकेट प्रिंट कर सकेंगे। अन्य सेक्टरों के आवंटियों को जल्द ही यह सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। प्राधिकरण आवंटियों से जुड़ी 143 सेवाओं को प्राप्त करने का अधिकार जल्द ही आवंटियों को सौंपने में जुटा है। करीब 63 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट को आईटी कंपनी टेक महिंद्रा पूरा कर रही है। इसकी सुविधा हासिल करने के लिए आवंटियों को नो योर अलॉटी (केवाईए) अपडेट करना होगा।
अब तक इन सभी कार्यों को करने का अधिकार प्राधिकरण कर्मियों के पास था। अब प्राधिकरण की वेबसाइट पर ही ईआरपी का लिंक उपलब्ध करा दिया गया है। इस पर क्लिक करते ही आवंटी इन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
सेवा की शुरुआत करते हुए प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने कहा कि बैंकिंग की तरह ही ग्रेटर नोएडा के आवंटी अब प्राधिकरण से जुड़ी सेवाओं का लाभ खुद से प्राप्त कर सकेंगे। आने वाले समय में सभी विभागों से जुड़ी हर सेवाएं इससे जुड़ती जाएंगी।
ई -ऑफिस में पहले ही बदल चुका है ग्रेनो प्राधिकरण
प्राधिकरण ने ईआरपी की शुरुआत शुक्रवार को की है, लेकिन यह ऑफिस पहले से ही ई-ऑफिस में बदल चुका है। प्राधिकरण में सिर्फ ई-फाइलें ही बनती हैं। अगर कोई फरियादी कागज पर आवेदन लाता है तो भी उसे स्कैन करके ई-फाइल ही बना दी जाती है। उसी पर सभी अप्रूवल दिए जाते हैं।
आवंटियों के लिए सुरक्षित है ईआरपी
आवंटी, ईआरपी का लाभ सुरक्षित तरीके से प्राप्त कर सकें, इसके लिए तीन स्तर पर वेरिफिकेशन का प्रावधान किया गया है। पहला, आवंटी का लॉग इन आईडी व पासवर्ड होगा, जिसे डालने के बाद उसके मोबाइल नंबर पर पासवर्ड आएगा। वेरिफिकेशन के बाद आवंटी पर अप्लीकेशन अपलोड करेगा तो उसका वेरीफिकेशन आधार नंबर से भी होगा। इसके लिए आवंटियों का केवाईए (नो योर अलॉटी) अपडेट किया गया है। ईआरपी का लाभ पाने के लिए आवंटी को 100 रुपये शुल्क भी देना होगा।
ईआरपी के तहत मिलेंगी यह सुविधाएं
ईआरपी के तहत मिलने बिल्डिंग प्लान अप्रूवल, पानी व सीवर कनेक्शन, फंक्शनल सर्टिफिकेट, नो ड्यूज सर्टिफिकेट, लैंड अलॉटमेंट सिस्टम, मोर्टगेज सर्टिफिकेट, मोर्टगेट परमिशन, मैप सरेंडर सर्टिफिकेट, एड्रेस चेंज, लीज डीड टाइम एक्सटेंशन, वन टाइम पेमेंट, टाइम एक्सटेंशन ऑफ कंस्ट्रक्शन, डुप्लीकेट पेपर जारी करना, चेंज इन कॉन्सीट्यूशन, रेस्टोरेशन ऑफ अलॉटमेंट, रेंट परमिशन, नाम परिवर्तन, पजेशन लेना, डाइरेक्टर्स में बदलाव, पेमेंट का री-शेड्यूलमेंट, टाइम एक्सटेंशन फॉर लीज डीड, परमिशन ऑफ कॉमर्शियल एक्टीविटी, प्लॉट को सरेंडर करना, लैंड अलॉटमेंट समेत अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
https://rashtriyadinmaan.com
