
लखनऊ | मेसर्स यजदान इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्राग नारायण रोड पर लगभग 2800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किया गया था अवैध निर्माण हजरतगंज में प्राग नारायण रोड पर बनी बहुमंजिला अवैध बिल्डिंग पर बुधवार को एलडीए का बुलडोजर चला। जिसमें बिल्डर द्वारा लगभग 2800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किये गये अवैध निर्माण के विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान प्राधिकरण के सभी प्रवर्तन जोन के अधिकारी व भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही।यजदान प्रकरण में संपत्ति की वर्तमान कीमत लगभग 60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जोन-6 के विहित प्राधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि लालबाग के ओल्ड भोपाल हाउस निवासी शायम यजदानी मेसर्स यजदान इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। इनके द्वारा प्राग नारायण रोड स्थित 60 पार्ट टोंक हाउस पर लगभग 2800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से बहुमंजिला अपार्टमेण्ट बनाया गया था। बिल्डर द्वारा किये जा रहे इस अवैध निर्माण पर लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा दिनांक 23.06.2016 को उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा-27(1), 28(1) एवं 28(2) के अन्तर्गत वाद संख्या-371/2016 योजित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जिसके जवाब में बिल्डर द्वारा कोई भी तथ्य प्रस्तुत नहीं किया गया। इतना ही नहीं, बिल्डर द्वारा प्रतिबन्धों का पालन किये गये बगैर एवं बिना स्वीकृत मानचित्र प्राप्त किये स्थल पर निर्माण कार्य जारी रखा गया। इस पर दिनांक-06.09.2016 को उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 यथासंशोधित-1997 की धारा-27(1) के अंतर्गत ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गये। इसके बाद बिल्डर द्वारा आयुक्त न्यायालय, लखनऊ मण्डल के समक्ष अपील दाखिल की गई और शमन योजना 2020 के अंतर्गत दिनांक-18.08.2020 को शमन आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर भूखण्ड के सम्पत्ति नजूल होने के कारण कार्यवाही नहीं की गई।
आयुक्त न्यायालय, लखनऊ मण्डल में सुनवाई के दौरान बिल्डर को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया। लेकिन, बिल्डर द्वारा कोई ठोस अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। अतः आयुक्त न्यायालय द्वारा गुण-दोष के आधार पर दिनांक-17.02.2022 को बिल्डर की अपील को निरस्त कर दिया गया।
विहित प्राधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि आज दिनांक-30.03.2022 को प्राधिकरण के अधिकारियों व क्षेत्रीय पुलिस की मौजूदगी में उक्त अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई।
https://rashtriyadinmaan.com
