शारदा नगर योजना में बने प्रधानमंत्री आवासों में 1965 आवंटी प्राप्त कर चुके हैं आवंटन पत्र
आवंटियों की शीघ्र रजिस्ट्री कराने के लिए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों की 10 टीमें गठित की

लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शारदानगर विस्तार योजना में बनाये गये प्रधानमंत्री आवास जल्द ही आबादी से गुलजार होंगे। इसके लिए प्राधिकरण यहां के आवंटियों की जल्द से जल्द रजिस्ट्री कराएगा, जिसके बाद उन्हें भवनों की चाभी सौंपी जाएगी। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने इस कार्य को शीघ्र संपादित करने के लिए अधिकारियों की 10 टीमें गठित की हैं।
विशेषकार्याधिकारी डीके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को उपाध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री आवासों के संबंध में एक बैठक की गई। इसमें उन्हें यह अवगत कराया गया कि शारदा नगर योजना में बने प्रधानमंत्री आवासों के 1965 लाभार्थी प्राधिकरण से आवंटन पत्र प्राप्त कर चुके हैं। इस पर उपाध्यक्ष द्वारा इन सभी की रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए गए। इतने बड़े स्तर पर आवंटियों की रजिस्ट्री का कार्य जल्द से जल्द हो सके, इसके लिए उन्होंने प्राधिकरण के स्तर-एक एवं स्तर-दो के अधिकारियों की 10 टीमें गठित की हैं।
उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि इस टीम में शामिल अधिकारियों द्वारा प्रत्येक आवंटी से संपर्क किया जाएगा और उनसे धनराशि जमा कराके निबंधन की कार्यवाही संपादित करायी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक टीम को 200-200 आवंटियों की सूची उपलब्ध कराई गयी है।
उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि इस कालोनी का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक से किया गया है, जिसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार मिले हैं। उन्होंने बताया कि कालोनी में छोटे बच्चों के खेलने के लिए आकर्षक झूले लगाये गये हैं। इसके अलावा बड़े बच्चों व वयस्कों के लिए बैडमिंटन, बास्केट बाॅल एवं वाॅलीबाॅल कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कालोनी में सीवेज ट्रीटमेंट सिस्टम समेत अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
