एक महिला पत्रकार के साथ यौन शोषण मामले में तरूण तेजपाल की गिरफ्तारी के लिए गोवा पुलिस शुक्रवार तड़के दिल्ली स्थित उनके घर पहुंची। करीब एक घंटे तक तेजपाल के घर में रहने के बाद वह वहां से खाली हाथ लौट गई।
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक तरूण तेजपाल की पत्नी को नहीं पता है कि तरूण तेजपाल कहां हैं?
टीवी चैनलों के मुताबिक जिस समय पुलिस वहां पहुंची तेजपाल अपने घर में मौजूद नहीं थे, इसलिए पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी। गोवा पुलिस के साथ दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम भी थी।
इससे पहले सहकर्मी के यौन शोषण के आरोप में घिरे तरुण तेजपाल बृहस्पतिवार को दोपहर तीन बजे की समय सीमा तक गोवा पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए और उन्होंने शनिवार तक की मोहलत मांगी थी।
गोवा पुलिस ने मोहलत देने से इनकार करते हुए तेजपाल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया। बताया जा रहा है कि कोर्ट से शुक्रवार सुबह उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो सकता है।
गिरफ्तारी से बचने के तमाम उपाय खत्म हो जाने के बाद तेजपाल ने हथियार डाल दिए हैं। बृहस्पतिवार को पहले उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में दायर अग्रिम जमानत की अर्जी वापस ले ली।
इसके बाद फैक्स भेजकर शुक्रवार को गोवा पुलिस के सामने पेश होने पर हामी भर दी। उनके वकील ने कहा कि तेजपाल शुक्रवार को गोवा पुलिस के समक्ष पेश होंगे।
इस बीच सीसीटीवी फुटेज में यौन शोषण का सबूत मिलने से भी तेजपाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोवा पुलिस का दावा है कि तेजपाल पीड़ित पत्रकार को होटल की लिफ्ट में खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं।
राज्य के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि फुटेज में तेजपाल लड़की को लिफ्ट में घसीटते दिख रहे हैं। इसके बाद जब लिफ्ट का दरवाजा खुला तो लड़की तेजी से चलती चलती हुई अपने कपड़े ठीक करते दिख रही है।
दरअसल तेजपाल पेश होने से पहले दिल्ली हाईकोर्ट में दायर अग्रिम जमानत अर्जी का हश्र देख लेना चाहते थे। हाईकोर्ट इस पर शुक्रवार को फैसला सुनाने वाला था।
मगर फैसले से पहले गिरफ्तार किए जाने के स्पष्ट संकेत मिलने के साथ ही तेजपाल ने अपनी अर्जी वापस ले ली।
https://rashtriyadinmaan.com
