LDA निजी विकासकर्ताओं की सहभागिता से संवारेगा शहर के चौराहे


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने निजी विकासकर्ताओं के साथ की बैठक

आजादी अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर हर घर तिरंगा वितरित करने के दिये निर्देश, वाॅटर बाॅडीज को अमृत सरोवर का रूप देकर किया जाएगा झण्डारोहण

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण अब निजी विकासकर्ताओं की सहभागिता से शहर के मुख्य चौराहों का कायाकल्प करेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को निजी विकासकर्ताओं के साथ बैठक करके इस सम्बंध में दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आजादी अमृत महोत्सव के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम होना हैै। इसे सफल बनाने के लिए उन्होेंने निजी विकासकर्ताओं को अपनी-अपनी योजना में आवंटियों को तिरंगा वितरित करने के भी निर्देश दिये। बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार भी उपस्थित रहे।

बैठक में उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने निजी विकासकर्ताओं को यह अवगत कराया कि उन्होंने शहर के प्रमुख आर्किटेक्ट्स को लखनऊ के अलग-अलग क्षेत्रों को विकसित करने के लिए योजना तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी है। आर्किटेक्ट्स द्वारा दिये जाने वाले सुझाव व डिजाइनों के आधार पर शहर के चौराहों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने इस कार्य के लिए निजी विकासकर्ताओं से सहयोग मांगते हुए उन्हें अपनी इच्छानुसार अलग-अलग चौराहे एडाॅप्ट करने के लिए कहा। उपाध्यक्ष ने कहा कि सभी निजी डेवलपर्स सीएसआर (काॅरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) के अंतर्गत चौराहों का सौंदर्यीकरण कराने में सहभागिता दें। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष ने कहा कि नियोजित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अनियोजित निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने प्रवर्तन टीम को अनाधिकृत कालोनियों को सूची बनाकर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने निजी विकासकर्ताओं से कहा कि वह लोग भी अपने स्तर से अवैध कालोनियों की जानकारी प्राधिकरण के साथ साझा करें, ताकि शहर में अनियोजित विकास को रोका जा सके।

योजनाओं में 10 दिवसीय सफाई अभियान
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि आजादी अमृत महोत्सव के अंतर्गत 11 अगस्त से 17 अगस्त 2022 तक ‘स्वतंत्रता सप्ताह’ मनाया जाना है। इस क्रम में उन्होंने निजी विकासकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी योजनाओं में 01 अगस्त से लेकर 10 अगस्त 2022 तक विशेष सफाई अभियान चलाएंगे। इसके अलावा स्वतंत्रता सप्ताह के उपलक्ष्य पर सभी बहुमंजिली आवासीय योजनाओं व कालोनियों में तिरंगा लाइटों की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने कहा कि जिन विकासकर्ताओं की योजना में वाॅटर बाॅडीज हैं, उन्हें अमृत सरोवर की तर्ज पर विकसित करके वहां झण्डारोहण किया जाए।

रेन वाॅटर हार्वेस्टिंग का हो शत प्रतिशत अनुपालन: उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने निजी विकासकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपनी योजनाओं में रेन वाॅटर हार्वेस्टिंग का शत प्रतिशत अनुपालन करें। इसके लिए नियमानुसार संयत्र लगवाएं तथा यह भी सुनिश्चित करें कि सभी संयत्र सुचारू रूप से काम कर रहे हैं अथवा नहीं। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा शारदा नगर विस्तार स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना में रेन वाॅटर हार्वेस्टिंग का गुणवत्तापरक कार्य कराया गया है। उन्होंने निजी विकासकर्ताओं से कहा कि वे चाहें तो उक्त योजना का निरीक्षण करके रेन वाॅटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की रूपरेखा समझ सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शासन के आदेशानुसार 16 जुलाई से 22 जुलाई 2022 तक ‘भूजल सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसमें प्राधिकरण द्वारा लोगों को भू-जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। इस क्रम में प्राधिकरण दिनांक 21 जुलाई 2022 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक संगोष्ठी का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा भू-जल संरक्षण व सम्बंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उपाध्यक्ष ने समस्त निजी विकासकर्ताओं को इस संगोष्ठी में प्रतिभाग करने का आमंत्रण दिया।

बैठक में अधिशासी अभियंता भूपेन्द्र वीर सिंह व अवर अभियंता अतुल शर्मा समेत अन्य अधिकारी व डेवलपर्स उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »