
लखनऊ | देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान सम्पन्न हो गया। लखनऊ के विधान भवन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के 396 विधायकों ने मतदान किया। विधायक नाहिद हसन और अब्बास अंसारी ने वोट नहीं डाला। सपा विधायक नाहिद हसन जेल में है। सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी एक मामले में फरार चल रहे हैं। पांच विधायकों ने यूपी से बाहर मतदान करने की मंजूरी ली है। प्रदेश में 403 विधायक हैं। हर मत का मूल्य 208 है।
सोमवार को मतदान शुरू होने पर सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदान किया। चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है। उनके समर्थन में करीब 27 दल आ गए हैं। जिससे विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा काफी पिछड़ गए हैं। मतगणना 21 जुलाई को होगी। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे।
मायावती ने ट्वीट कर कहा कि बसपा ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर तथा पार्टी व मूवमेन्ट की सोच के मुताबिक ही आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए सबसे पहले अपना समर्थन देने की घोषणा की है। कमजोर वर्गों के अन्य लोगों से भी उन्हें आज अपनी अन्तरात्मा के आधार पर वोट देने की अपील।
राजग उम्मीदवार को 283 मत मिलना तय
यूपी के 403 विधायकों के मत का कुल मत मूल्य 83,824 है। प्रदेश में एनडीए के 273 विधायक हैं। सुभासपा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक, बसपा और सपा विधायक शिवपाल यादव ने भी एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन की घोषणा की है। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के 273, सुभासपा के 6, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2, बसपा के एक और शिवपाल यादव सहित कुल 283 मत मिलना तय है। जिनका कुल मत मूल्य 58,864 है।
मतदान में सपा के कई विधायकों के क्रॉस वोटिंग की भी चर्चा रही पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। इस पर सपा नेता आजम खां ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान गुप्त होता है। अगर सपा की तरफ से क्रॉस वोटिंग हुई है तो यह मुनासिब नहीं है। उन्होंने कमजोर विपक्ष पर कहा कि अगर लड़ाई कांटे की होती तो विपक्ष में एकता होती।
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बयान पर गोलमोल जवाब देते हुए आजम खां ने कहा कि मैं तो पार्टी का सिर्फ एक कार्यकर्ता हूं। ओमप्रकाश राजभर से कोई नाराजगी नहीं है। किसको, किसके साथ रहना है जबरदस्ती नहीं कर सकते। सत्ता पक्ष में भी सभी लोग संतुष्ट नहीं होते हैं। हालात ऐसे हैं कि वो असंतुष्ट भी होंगे तो भी जाहिर नहीं करेंगे। आजम खां ने अपने पुत्र स्वार विधायक अब्दुल्ला आजम के साथ मतदान किया। विधायक शरजील शिवपाल सिंह यादव के साथ उनके कार्यालय में गए थे। जिसके करीब 10 मिनट बाद शिवपाल अपने घर चले गए। पर क्रॉस वोटिंग पर न तो शरजील ने ही कुछ कहा और न ही शिवपाल यादव ने।
https://rashtriyadinmaan.com
