LDA नजूल व इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की सम्पत्तियों का लैंड ऑडिट कराएगा


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ बैठक में जारी किये आदेश

प्राधिकरण द्वारा निर्मित अपार्टमेंटों में कमियों को चिन्हित करके इन्हेें दुरूस्त करने के लिए प्रत्येक अपार्टमेंट में स्थापित किया जाएगा कैम्प कार्यालय, अवर अभियंताओं की लगायी जाएगी ड्यूटी

लखनऊ | लखनऊ में नजूल और इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की कितनी जमीन खाली हैं, इसका ब्योरा जुटाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण जल्द ही दोनों अनुभागों की सम्पत्तियों का लैंड ऑडिट करायेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक करके इस बाबत आदेश जारी किये हैं। इसके अलावा प्राधिकरण द्वारा निर्मित अपार्टमेंटों में कमियों को चिन्हित करके इन्हें दुरूस्त करने के लिए प्रत्येक अपार्टमेंट में कैम्प कार्यालय स्थापित किया जाएगा, जिसमें अवर अभियंताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी।

बैठक में उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि नजूल भूमि तथा इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की पत्रावलियां व्यवस्थित ढंग से न होने के कारण प्राधिकरण में कितनी भूमि अभी तक रिक्त है, इसकी सही सूचना अनुभागों में उपलब्ध नहीं हो पाती है। ऐसे में इन दोनों अनुभागों की सम्पत्तियों का लैंड ऑडिट कराया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देशित किया कि पी0सी0एस0 मैनेजमेंट के माध्यम से नजूल और इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की सम्पत्तियों का लैंड ऑडिट शीघ्र कराया जाए तथा यह कार्य सचिव पवन कुमार गंगवार की निगरानी में सम्पन्न कराया जाए।
बैठक के दौरान उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण द्वारा निर्मित अपार्टमेंट्स में कमियों को चिन्हित करके इन्हें दूर करने के सम्बंध में भी निर्देश दिये। इस क्रम में उपाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में उनके द्वारा कई अपार्टमेंटों का निरीक्षण करके कमियों को दूर करने के निर्देश दिये गए थे, लेकिन इसका सही से अनुपालन नहीं हो पाया है। इसे ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक अपार्टमेंट में कैम्प कार्यालय स्थापित किया जाए, जिसमें एक-एक अवर अभियंता की ड्यूटी लगायी जाए। सम्बंधित अवर अभियंता की देखरेख में प्रत्येक अपार्टमेन्ट की कमियों को दुरूस्त कराया जाए। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष द्वारा अपार्टमेन्टो में फायर आॅडिट का कार्य जल्द से जल्द कराये जाने के निर्देश दिये गए।

बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, विधि परामर्शी संजय कुमार शुक्ला, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, विशेष कार्याधिकारी अरूण कुमार सिंह, अमित राठौर, रामशंकर, डी0के0 सिंह, नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता ओ0पी0 मिश्रा, मनोज सागर एवं अवनीन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »