गोमती नगर विस्तार में चार अवैध व्यवसायिक निर्माण सील किये गये


लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को गोमती नगर विस्तार में शहीद पथ के किनारे अभियान चलाकर 4 अवैध निर्माण सील किये गये। इन सभी जगहों पर 112.5 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के आवासीय भूखण्डों पर अवैध रूप से व्यवसायिक निर्माण किया जा रहा था।

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-6 में किरन जायसवाल व अन्य द्वारा भूखण्ड संख्या-डी-6/853, सरिता सिंह व अन्य द्वारा भूखण्ड संख्या-6/सी-971 और अजय शुक्ला, विनोद भूषण, राहुल त्रिपाठी पुत्र तेज कुमार त्रिपाठी व अन्य द्वारा भूखण्ड संख्या-6/972 पर अवैध रूप से व्यवसायिक निर्माण कराया जा रहा था। इसके अतिरिक्त गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-5 में डॉ0 शैलेन्द्र सिंह व अन्य द्वारा भूखण्ड संख्या-5/390 पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। उपरोक्त चारों प्रकरणों में विहित न्यायालय में वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।

उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता एस0के0 जैन के नेतृत्व में अवर अभियंता विपिन बिहारी राय और सुरेन्द्र कुमार द्विवेदी द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थलों को सील करते हुए पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।


Scroll To Top
Translate »