आप के तीन दर्जन कार्यकर्ता भाजपा में शामिल


कानपुर : आम आदमी पार्टी के तीन दर्जन कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये है और पार्टी का दावा है कि यह लोग नरेन्द्र मोदी के स्वराज और वोट फार इंडिया के नारे से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुये है और अगले 15 दिन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी के अनेक नेता और कार्यकर्ता पार्टी में शामिल होंगे.

भारतीय जनता पार्टी के शहर अध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी ने एक बयान में बताया कि आम आदमी पार्टी आप की कानपुर की संस्थापक सदस्य डा लीना सिंह के नेतृत्व में तीन दर्जन आप पार्टी के कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये है. इनको पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दी गयी. इन सभी कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वराज और वोट फार इंडिया के नारे के प्रति आस्था जताई और लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिये जी जान से काम करने का वायदा किया.

उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं के आने से यह साबित हो गया कि पार्टी की लोकप्रियता अब समाज के हर वर्ग में तेजी से फैलती जा रही है और आम जनता इस बार भाजपा की केंद्र में सरकार बनवाना चाहती है.

उन्होंने दावा किया कि अगले 15 दिनो में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की इच्छा जताई है इसलिये जल्द ही एक समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें इन दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ताओं को विधिवत भाजपा में शामिल करवाया जाएगा.


Scroll To Top
Translate »