ईद पर आमने-सामने होंगे सलमान-शाहरुख!


मुंबई। लग रहा है कि सलमान खान और शाहरुख खान की फिल्मों की भिडं़त एक बार फिर हो सकती है। 2015 की ईद पर यह टकराव संभव है। इस साल तक दोनों के बीच में एक लकीर थी, शाहरुख अपनी फिल्मों को दीवाली पर रिलीज करते थे और सलमान खान ईद पर राज किया करते थे। गड़बड़ तब हो गई जब रोहित शेट्टी की चेन्नई एक्सप्रेस इस साल ईद पर रिलीज हुई और खूब पैसा बनाया। लग रहा है कि शाहरुख खान की योजना एक बार फिर इस खास दिन पर पैसा बनाने की है।
चर्चा है कि शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ 2015 की ईद पर रिलीज हो सकती है। यह तब हो रहा है जब निर्माता जानते हैं कि सलमान खान की कबीर खान के निर्देशन में बनने वाली फिल्म भी इसी दिन रिलीज हो रही है। अभी इस फिल्म का नाम तय नहीं हुआ है। सूत्रों की बात का भरोसा करें तो प्रोक्शन हाउस के एक बंदे ने सलमान के मैनेजर को कॉल करके यह भी पक्का किया कि सलमान की फिल्म 2015 की ईद पर रिलीज हो भी रही है या नहीं! सलमान के मैनेजर ने उन्हें जवाब, हां में दिया था। अगले ही दिन प्रोडक्शन हाउस ने घोषणा कर दी कि उनकी फिल्म ईद पर रिलीज की जाएगी। कबीर खान अगर अपनी इस फिल्म के टाइटल के चक्कर में नहीं उलझे हुए होते तो वे नवंबर में ही अपनी फिल्म की रिलीज तारीख की घोषणा कर चुके होते।
चर्चा है कि इस नए घटनाक्रम के बावजूद भी सलमान और कबीर खान अपनी फिल्म की रिलीज तारीख बदलने के मूड में नहीं हैं। सलमान हमेशा ही ईद को अपने लिए भाग्यशाली मानते हैं। उनकी यह फिल्म उनके खुद के बैनर ‘बीइंग ह्यूमन’ के तहत बनाई जाएगी।
खबरी ने बताया, ‘यह बात वाकई गलत थी कि प्रोडक्शन हाउस ने पहले सलमान की फिल्म की रिलीज डेट पक्की की और फिर अपनी फिल्म की रिलीज तारीख घोषित की। फिल्मकारों की आपसी समझ को क्या हो गया है! गला काट प्रतिस्पर्धा इतनी बढ़ गई है कि कोई दूसरे के बारे में नहीं सोच रहा है। अगर यह दोनों फिल्में एक ही दिन रिलीज होती हैं तो एक-दूसरे का ही नुकसान करेंगी। अहम का सवाल काफी बड़ा होता जा रहा है।’
ट्रेड जानकार अमोद मेहरा भी इस बात से सहमत है कि दोनों फिल्में एक दिन नहीं रिलीज होना चाहिए। वे कहते हैं, ‘अभी तो 2015 की ईद काफी दूर है, इसलिए इतना नहीं सोचा जाना चाहिए। कहा नहीं जा सकता कि उस वक्त तक कौन मजबूती से बॉक्स ऑफिस पर खड़ा रह पाता है। हम तो केवल इंतजार कर सकते हैं।’


Scroll To Top
Translate »