LDA : अवैध निर्माण रोकने में नाकाम दो सुपरवाइजर निलम्बित, अवर अभियन्ताओं को कारण बताओ नोटिस


प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी की निरीक्षण आख्या के आधार पर उपाध्यक्ष ने की त्वरित कार्यवाही

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने एक बार फिर अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए प्रवर्तन जोन-1 में तैनात सुपरवाइजर यशवीर व शिव कुमार को निलम्बित कर दिया। वहीं, सम्बंधित क्षेत्र के अवर अभियन्ता इम्तियाज अहमद व सुरेन्द्र द्विवेदी को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है। उपाध्यक्ष ने यह कार्यवाही प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह की निरीक्षण रिपोर्ट पर की है।

    उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रवर्तन जोन-1 के अंतर्गत आने वाले गोमती नगर, गोमती नगर विस्तार व सुल्तानपुर रोड क्षेत्र में लगातार अवैध निर्माण की शिकायतें आ रही थीं। इसके मद्देनजर प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह को क्षेत्र का निरीक्षण करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये थे। इस क्रम में जोनल अधिकारी द्वारा बुधवार को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिसमें यह पाया गया कि लोयला, सुल्तानपुर रोड, एमिटी यूनिवर्सिटी रोड, गोमती नगर विस्तार सेक्टर-05 व 06 शहीद पथ के किनारे, विकल्प खण्ड, विराज खण्ड, विराट खण्ड एवं विनीत खण्ड में काफी अनाधिकृत निर्माण प्रचलित हैं।

   इसमें से कुछ निर्माण प्राधिकरण से बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे है, जबकि कुछ निर्माण मानचित्र के विपरीत किये जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त कुछ निर्माण भू-उपयोग के विपरीत क्रमशः व्यवसायिक, ग्रुप हाउसिंग, रो-हाउसेस व हाई राईज बिल्डिंग की प्रकृति के है। जोनल अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इन अवैध निर्माणों के सम्बंध में क्षेत्रीय सुपरवाईजर व अवर अभियन्ता द्वारा कार्यालय को किसी प्रकार की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिससे उनकी कार्यों के प्रति लापरवाही एवं अवैध निर्माण में संलिप्तता प्रतीत हो रही है। 

    उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि उक्त रिपोर्ट के आधार पर प्रवर्तन जोन-1 में तैनात सुपरवाइजर यशवीर एवं शिव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है। वहीं, अवर अभियन्ता इम्तियाज अहमद एवं सुरेन्द्र द्विवेदी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Scroll To Top
Translate »