गोरखपुर/वाराणसी : गोरखपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस का जाना तय है. उन्होंने कहा कि रैली में उपस्थित भीड बदलाव का सूचक है.
जनता अपना फैसला कर चुकी है, बस उसपर मुहर लगना बाकी है. अपने संबोधन के दौरान मोदी ने युवाओं का धन्यवाद और आह्वान दोनों किया कि वे देश निर्माण के लिए सामने आयें.
वहीं वाराणसी में समाजवादी पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी सरकार देश में सबसे अच्छी है.
हम गरीब जनता को ध्यान में रखकर योजनाओं का क्रियान्वयन करते हैं. उन्होंने कहा कि हम विभिन्न तरह की योजनाओं के जरिये गरीब जनता की मदद कर रहे हैं और जनता का पैसा जनता तक पहुंचा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस बार केंद्र में जो सरकार बनेगी, उसे बनाने में हमारी पार्टी की अहम भूमिका होगी. हम यह चाहते हैं कि केंद्र में वह पार्टी सरकार बनाये, जो किसानों और गरीबों का हित चाहती हो.
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी आज गोरखपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे. यह उनकी छठी विजय शंखनाद रैली होगी. जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है मोदी की रैली जोरों पर है. ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं कि इस रैली में भी उनके निशाने पर केंद्र की सरकार ही होगी.
मोदी पूर्वाचल के पिछड़ेपन को लेकर केंद्र व राज्य सरकारों पर निशाने साधते हुए विकास का विजन भी प्रस्तुत करेंगे. वहीं दूसरी ओर वाराणसी में आज समाजवादी पार्टी की ‘देश बचाओ देश बनाओ’ रैली है. इस रैली में सीएम अखिलेश यादव और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव मौजूद रहेंगे. सपा का दावा है कि हमारी रैली आज तक की सबसे बड़ी रैली होगी.
मोदी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी रैली में मौजूद रहेंगे. रैली के मंच पर नरेंद्र मोदी दोपहर एक बजे पहुचेंगे. मीडिया प्रभारी मनीष शुक्ला ने बताया मोदी विशेष विमान द्वारा दिल्ली से वाराणसी पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा रैली के लिए रवाना होंगे.
मोदी गोरखनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करने के बाद महंत अवैद्यनाथ से भी मुलाकात करेंगे. सांसद योगी आदित्यनाथ के गढ़ में भाजपा मजबूत रही है. रैली के लिए 13 संसदीय क्षेत्रों से भीड़ जुटाई जाएगी. रैली के सिलसिले में प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. पूरे जोन से पुलिस अधिकारियों और जवानों को गोरखपुर भेजा गया है.
https://rashtriyadinmaan.com
