‘आम आदमी पार्टी’ एक बदनाम आइटम गर्ल: उद्धव ठाकरे


मुंबई। लगातार विभिन्न राजनीतिक दलों की तरफ से आलोचनाओं के तीर झेल रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अब शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने निशाना साधा है। उन्होंने पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में सीधा-सीधा हमला बोलते हुए केजरीवाल को येड़ा मुख्यमंत्री बताया है।
उन्होंने लिखा है कि येड़ा केजरीवाल से तो अच्छा आइटम गर्ल राखी सावंत सरकार चला लेती। साथ ही आम आदमी पार्टी को तो एक बदनाम आइटम गर्ल तक कह डाला। उद्धव ने लिखा है कि जो अब तक राखी की आलोचना करते रहे हैं, उन्हें अब राखी जैसी महिला का अभिनंदन करना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान से सहमत दिखते हुए उद्धव ने अरविंद केजरीवाल को येड़ा की संज्ञा दे दी। गौरतलब है कि मराठी में येड़ा का हिंदी अर्थ पागल होता है।
शिवसेना के मुखपत्र में लिखा गया है, केजरीवाल ने संसद के सामने जिस तरह का तमाशा किया है, उससे हर राजनीतिक दल का सिर शर्म से झुक गया है। आम आदमी पार्टी का अगर यही कल्चर है तो फिर इस बात से सहमत होना पड़ेगा कि वे अराजकता चाहते हैं और इसके पीछे राष्ट्रविरोधी तत्व हैं। उन्होंने उस समय धरना दिया जब राजधानी में गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां चल रहीं थीं और उन्होंने इसमें बाधा डालने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
इसके अलावा संपादकीय में ये बातें कही गई है
देश में कुछ नए पागलों का उदय हुआ है और एक पागल (येड़ा) अरविंद केजरीवाल इनका मुखिया है। केजरीवाल ने सुशीलकुमार शिंदे के संदर्भ में एकवचन और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। क्या उनकी यही संस्कृति है? ये तो व्हाइट कॉलर अपराधियों और चोरों की भाषा है।
अरविंद केजरीवाल कल तक राजनीति के जिस उपद्रवी संस्कृति की आलोचना करते थे, आज वे खुद वही कर रही है, तो ऐसे में आम आदमी पार्टी अलग कैसे? और तो और उन्हीं के समर्थक रहे चेतन भगत शर्म महसूस कर रहे हैं और ‘आप’ को आइटम गर्ल कह रहे हैं, सुशीलकुमार शिंदे ने उन्हें पागल कहा है और एनसीपी के डीपी त्रिपाठी ने उन्हें सांप कह दिया है। इस सर्कस में कुमार विश्वास नाम का एक और क्लॉन है और उसे महिलाओं के अपमान वाली टिप्पणी के लिए माफी मांगनी पड़ी।
आम आदमी पार्टी पर चेतन भगत की टिप्पणी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अपने पागलपन से केजरीवाल ने यह साबित कर दिया है कि वे खुद आम आदमी के दुश्मन हैं। केजरीवाल का ये पागलपन ज्यादा देर तक नहीं चलेगा, लेकिन एक आइटम गर्ल जब तक चाहे तब तक नाचती रह सकती है।


Scroll To Top
Translate »