कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों के गिरेबान पर डाला हाथ: आजम


रामपुर। रामपुर में कैबिनेट मंत्री आजम खां ने कहा है कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री द्वारा एक अल्पसंख्यक को गिरेबान पकड़कर सम्मेलन से निकाल देने की घटना से अल्पसंख्यक समाज अपमानित हुआ है। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए बोले, कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों के गिरेबान पर हाथ डाला है। वह गुरुवार को तोपखाना रोड स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
आजम ने कहा कि दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय द्वारा अल्पसंख्यक सम्मेलन में केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने अल्पसंख्यक समाज के दाड़ी वाले डाक्टर द्वारा सच्च्र कमेटी की रिपोर्ट लागू क्यों नहीं की सवाल पूछने पर उसकी दाड़ी और गिरेबान पकड़कर बाहर निकालने की घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। यह अपमान सम्मानित डाक्टर का नहीं, बल्कि अल्पसंख्यक समुदाय का है। इसकी एक स्वर में निंदा करनी चाहिए। यह लोकतंत्र के लिए भी घातक है।
कांग्रेस ने मुसलमानों और सिखों के साथ ऐसा ही व्यवहार किया है। ऐसा कांगेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मौजूदगी में किया गया है। इसलिए उन्हें भी अल्पसंख्यकों से माफी मांगनी चाहिए। बोले, कांग्रेस जिन्हें बेजुबान समझकर अन्याय करती रही, अब वे अपनी बात कहने से डरने वाले नहीं है। इस दौरान सपाइयों ने अल्पसंख्यक मंत्री के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पास किया।


Scroll To Top
Translate »