प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर काफी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी बरती जा रही है। माना जा रहा है कि मोदी कई खतरनाक आतंकी संगठनों के हॉट टारगेट हैं। शायद इसीलिए उनके लिए पारंपरिक सुरक्षा इतंजाम के इतर अत्याधुनिक साजो-सामान और कई सीक्रेट हथियारों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका एक नमूना मोदी की नेपाल यात्रा के दौरान सामने आया। नेपाल में माओवादियों का वर्चस्व है और आईएसआई भी इस क्षेत्र में सक्रिय है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए न केवल भारतीय बल्कि नेपाली सुरक्षा एजेंसी भी काफी चौकस थी। इसके चलते इस बार मोदी की सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम थे, जो काफी गोपनीय भी थे। इन्हीं में से था एक सूटकेस में छिपा हुआ मशीनगन। रक्षा मामलों के एक्स्पर्ट के अनुसार यह जर्मनी में बना HK MP5K ब्रीफकेस गन है।
दरअसल इस मामले का पता तब चला जब रॉयटर्स के फोटोग्राफर नवेश चित्राकर ने इसकी तस्वीर ली। चित्राकर के इस चित्र में कैप्शन भी लिखा कि तीन अगस्त को काठमांडू में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेपाली प्रधानमंत्री सुशील कोइराला से मुलाकात के दौरान एक सूटकेस दिखा जिसके अंदर बंदूक छिपी हुई थी। हालांकि, यह पता नहीं चल पाया है कि यह सूटकेस मशीनगन भारतीय सुरक्षाकर्मियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही थी या नेपाली सुरक्षाकर्मियों द्वारा।
जानिए क्या होती है HK MP5K ब्रीफकेस गन : दुनियाभर की टॉप सुरक्षा एजेंसियां HK MP5K ब्रीफकेस गन को एक सीक्रेट हथियार के तौर पर इस्तेमाल करती हैं। ब्रीफकेस में एक तरफ छेद होता है जिधर सूटकेस के अंदर छिपाकर रखी गई मशीनगन की नली लगी होती है। हैंडल में एक तरफ मशीनगन का ट्रिगर लगा होता है। इसमें जर्मनी द्वारा डिजायन किए हुए MP5 सब मशीनगन के छोटे वर्जन MP5K का इस्तेमाल किया जाता है। उल्लेखनीय है कि MP5K का वजन केवल 4.4 पाउंड होता है और इसकी लंबाई भी 12.8 इंच होती है। इसकी नली का व्यास 4.5 इंच होता है। रेपिड फायर मोड पर यह बंदूक 2 सेकंड में 15 से 30 राउंड तक फायर करती है।
https://rashtriyadinmaan.com
