20 साल बाद एक मंच पर आए लालू-नीतीश


Lalu and Nitishहाजीपुर। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई कम करने के वादा अब कहां गया। आम जनता महंगाई से त्रस्त है और उनके कब अच्छे दिन आएंगे। उन्होंने कहा कि लालू-नीतीश के एक मंच पर आने से सारी अटकलें खारिज हो गई हैं। आज जब हमने देश को खतरे में देखा, तो आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ आए हैं।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच से केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को सत्ता का घमंड हो गया है। उन्होंने कहा कि अब सत्ता पर वैसे लोग बैठे हुए हैं जिनका आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं रहा है। सरकार चलाना आसान, लेकिन देश चलाना कठिन होता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने लोगों को बांटने की कोशिश की। कैसी-कैसी सूचनाएं फैलाई गई। तरह-तरह की अफवाहें फैलाई गई। अच्छे दिन लाने का वादा किया गया था, लेकिन जनता देख रही है कि कैसे अच्छे दिन आए हैं। लोगों के अच्छे दिन आए या ना आएं, भाजपा के कुछ लोगों के जरूर अच्छे दिन आ गए हैं।
लालू के बोल
वहीं, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मंच से राजग सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से मोदी ने शपथ ली है तब से देश में अशुभ ही अशुभ हो रहा है। मोदी देश को झूठे सपने दिखा रहे हैं। बुलेट ट्रेन चलाने की फर्जी घोषणा की। महंगाई का बहुत बुरा दौर आ रहा है। भाजपा को रोकने के लिए मुलायम सिंह और मायावती भी महा गठबंधन करें। रामविलास पासवान पर कटाक्ष करते हुए लालू ने कहा कि उनके जैसा मौसम विज्ञानी दूसरा कोई नहीं है। वे यहीं नहीं रुके, युवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज का युवा सोशल मीडिया के झांसे में फंस गया है। नीतीश की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि मैं और नीतीश एक ही परिवार के सदस्य हैं।
इससे पहले दो दशक से दुश्मनी पाले बैठे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता नीतीश कुमार सोमवार को करीब 20 साल बाद एक मंच पर नजर आए। मंच पर जाने से पहले दोनों गले मिले। कार्यकर्ताओं ने इन दोनों नेताओं का स्वागत किया।
गौरतलब है कि आगामी विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर दोनों ने अब दोस्ती कर ली है। हाजीपुर, मोहिउद्दीननगर, नरकटियागंज, छपरा और मोहनिया में दोनों की पांच चुनाव सभाएं होंगी। विधानसभा की दस सीटों के उपचुनाव 21 अगस्त को हैं। इन चुनावों के लिए राजद, जदयू और कांग्रेस का गठबंधन बन गया है।


Scroll To Top
Translate »