जम्मू। पाकिस्तान ने 48 घंटे से भी कम समय की अवधि में तीसरी बार संघषर्विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित सात भारतीय चौकियों पर छोटे एवं स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की तथा मोर्टार दागे जिसमें सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के दो जवान घायल हो गए। बीएसएफ के एक अधिकारी ने सोमवार को यहां बताया, ‘पाकिस्तानी रेंजरों ने रविवार को रात लगभग 8 बजकर 30 मिनट से लेकर जम्मू जिले के अरनिया सब सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के 7 सीमावर्ती चौकियों पर छोटे एवं स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की।’
उन्होंने बताया कि सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया और पाकिस्तान की गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। इसके चलते दोनों ओर से रूक-रूक कर गोलीबारी होती रही।
अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में बीएसएफ के दो जवान मामूली रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि गोलीबारी आज सुबह 6 बजे तक जारी रही।
पाकिस्तानी रेंजरों ने अरनिया पट्टी में कल रात लगभग साढ़े आठ बजे निकोवाल और भुदवार सीमा चौकियों पर गोलीबारी की। इसके बाद टेंट गार्ड चौकी पर गोलीबारी की गई। इसके बाद उन्होंने पित्तल, पिंडी चारकान, काके-दे-कोट्ठे और चिनाज सीमा चौकियों पर गोलीबारी की। पाकिस्तानी सैनिकों ने सूर्योदय से पहले भी क्षेत्र में कई मोर्टार दागे और गोलीबारी आज सुबह लगभग छह बजे बंद हुई।
पिछले 48 घंटों में यह तीसरा संघषर्विराम उल्लंघन है। इसके अलावा बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच ऑक्टेरियो सीमा चौकी पर कमांडेंट स्तर की फ्लैग मीटिंग में शांति बनाए रखने का समझौता होने के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर यह पहला संघर्ष विराम उल्लंघन है। यह बैठक आठ अगस्त को जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में हुई थी, जब पाक रेंजर्स ने बीएसएफ के एक जवान को सौंपा था।
संघषर्विराम का यह ताजा उल्लंघन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लेह और करगिल की कल होने वाली यात्रा से ठीक पहले हुआ है। वहां प्रधानमंत्री बिजली परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और लेह में सैनिकों को संबोधित करेंगे।
कल पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारत की अग्रिम चौकियों को छोटे एवं स्वचालित हथियारों से निशाना बनाया था।
आठ अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के भीमभेर गली सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी कर संघषर्विराम का उल्लंघन किया था।
पांच अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के शेर शक्ति अग्रिम क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों को छोटे एवं स्वचालित हथियारों की मदद से निशाना बनाया था।
https://rashtriyadinmaan.com
