हंगामा है क्यूं बरपा….मुलाकात ही तो की है : अमर सिंह


amar with mulayamलखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) में वापसी की अटकलों के बीच राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने मंगलवार को यहां सपा मुखिया मुलायमसिंह यादव से मुलाकात की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में सिंह ने सपा अध्यक्ष से उनके निवास पर भेंट की। बाद में पत्रकारों द्वारा इस बारे में पूछे जाने पर सिंह ने बेहद शायराना अंदाज में महज इतना ही कहा, ‘हंगामा है क्यूं बरपा…मुलाकात ही तो की है।
सिंह ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी और उनका सपा में वापसी का फिलहाल कोई इरादा नहीं है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि यादव के बुलावे पर सिंह आज सुबह उनके निवास स्थान गए और दोनों करीब 45 मिनट तक साथ रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और शिवपाल यादव भी मौजूद थे।
सूत्रों का दावा था कि सिंह की सपा में वापसी लगभग तय है। सपा के टिकट पर सिंह राज्यसभा की सदस्यता हासिल कर पिछले दरवाजे से पार्टी में प्रवेश कर सकते हैं। इससे पूर्व सिंह के आलोचक माने जाने वाले सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने मैनपुरी में सपा में उनकी वापसी की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया था।
सपा से निष्कासन के करीब चार वर्ष बाद सिंह ने पांच अगस्त को जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर यादव के साथ मंच साझा किया था।


Scroll To Top
Translate »