गुजरात-जम्मू-कश्मीर में भी मैगी पर प्रतिबंध, केंद्र सरकार सख्त


 

maggie-noodles-04-06-2015-1433426110_storyimageनई दिल्ली| मैगी को लेकर विवादों में घिरी बहुराष्ट्रीय कंपनी नेस्ले पर शिकंजा और कस गया है। देश में तीन राज्यों द्वारा मैगी पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद गुरुवार को गुजरात और जम्मू-कश्मीर ने भी अपने यहां मैगी की बिक्री पर एक महीने के लिए रोक लगा दी है। इसके साथ ही पड़ोसी देश नेपाल ने भी अपने यहां नेस्ले की मैगी को बैन कर दिया है।

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल ने कहा, ‘राज्य में मैगी की जांच के लिए भेजे गए नमूने फेल हो गए हैं। इसलिए राज्य भर में मैगी पर एक महीने तक के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।’ मैगी के अलावा राज्य सरकार ने सनफीस्ट तथा एसके फूडस के नूडल की भी जांच करवाई थी। लेड की मात्रा ज्यादा पाए जाने पर एसके फूड्स के नूडल पर भी रोक लगा दी गई है। जम्मू-कश्मीर में उपभोक्ता मामले एवं जन-वितरण (सीएपीडी) मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली ने प्रतिबंध के बाद आवाम से मैगी न खाने की अपील की है।

इस मामले में केंद्र सरकार नजर रखे हुए है। सरकार ने अपनी खाद्य सुरक्षा एजेंसी एफएसएसएआई से आईटीसी के येप्पी सहित दूसरी कंपनियों के नूडल की भी जांच करने को कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस पूरे मामले में किसी भी तरह की ढील नहीं बरतने की बात कही है। उन्होंने कहा, ‘मेरे मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों से मैगी के नमूनों की जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है। हालांकि कुछ राज्यों की ओर से रिपोर्ट मिल चुकी है। कई राज्यों में नमूनों की जांच जारी है। इन सबकी रिपोर्ट बनने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।’


Scroll To Top
Translate »