समाजवादी पार्टी के राज्य संसदीय बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक आज यहां पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में हुई जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने की। बैठक में आगामी विधान सभा चुनाव के पूर्व समाजवादी सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों पर संतोष जताते हुए उन्हें जन-जन तक पहुॅचाने, बूथ कमेटियों का सत्यापन करने तथा प्रशिक्षण शिविर के आयोजन पर निर्णय लिए गए। बैठक में स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्रों की रिक्त 36 सीटों के लिए प्रत्याशियों के चयन के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मुलायम सिंह यादव को अधिकृत कर दिया गया।
राज्य संसदीय बोर्ड की बैठक में सर्वश्री शिवपाल सिंह यादव, माता प्रसाद पाण्डेय, अहमद हसन, भगवती सिंह, बलराम यादव, अवधेश प्रसाद, अरविन्द सिंह गोप, नरेश उत्तम, ड0 के0सी0 पाण्डेय तथा श्रीपति सिंह ने भाग लिया।
उत्तर प्रदेश के मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री राजेन्द्र चौधरी ने बताया है कि बैठक में बताया गया कि 01 अप्रैल,2015 से अब तक 75 प्रतिशत बूथ कमेटियों का गठन हो चुका हैं। इनके सत्यापन के लिए प्रदेश अध्यक्ष जी की अनुमति से प्रत्येक मण्डल के लिए एक टीम गठित होगी जो मण्डल के जिलो में भ्रमण कर अपनी रिपोर्ट अध्यक्ष को देगी।
बैठक में समाजवादी सरकार के कार्यो पर भी चर्चा हुई और इसकी सवा तीन वर्षो की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया गया। सरकार के उल्लेखनीय जनहितकारी कार्यो एवं बड़ी योजनाओं के व्यापक प्रचार के लिए 1 से 14 अगस्त 2015 तक पखवारे भर साइकिल यात्रा कार्यक्रम चलेगा। साइकिल यात्री गांव-गांव पहुॅचकर प्रचार करेगें। 14 अगस्त,2015 को जिला मुख्यालय पर एक जनसभा के आयोजन के साथ इस साइकिल यात्रा का समापन होगा।
राज्य संसदीय बोर्ड ने बुंदेलखण्ड क्षेत्र के 7 जिलों के लगभग 800 तथा मध्य प्रदेश के लगभग 200 कार्यकर्ताओं का एक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर झाॅसी/ओरछा में 20, 21 और 22 अगस्त,2015 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसमें प्रत्येक जनपद में चुने हुए कर्मठ क्रियाशील तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा।
https://rashtriyadinmaan.com

