सारा की मौत पर परिजनों ने उठाये सवाल,अमनमणि के समर्थकों ने मीडियाकर्मियों पर किया हमला


 

unnamedलखनऊ |  उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित मधुमिता हत्याकांड में सपत्नी आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के पुत्र अमनमणि त्रिपाठी के समर्थकों ने आज यहां मीडियाकर्मियों पर हमला कर दिया। समर्थकों ने मीडियाकर्मियों के कैमरे तोडे दिये और मारपीट की। एक इलेक्ट्रानिक समाचार एजेंसी के कैमरामैन को लहूलुहान कर दिया गया । उसके कैमरे को पैरो तले रौंद दिया गया।

अमनमणि की कार कल शिकोहाबाद के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गयी जिसमें उनकी पत्नी सारा की मृत्यु हो गयी हालांकि अमनमणि को चोटें नहीं लगी। दुर्घटना के बाद पुलिस ने अमनमणि को हिरासत में ले लिया था क्योंकि वह लखनऊ में एक अपहरण के मामले में फरार चल रहे थे। उनके खिलाफ गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस उन्हें इसी सिलसिले में लखनऊ लेकर आयी है । उन्होंने सिविल अस्पताल में भी मीडियाकर्मियों के साथ हाथापाई की।

इस बीच सारा के घर वालों ने उसकी मृत्यु पर सवाल खडे किये हैं । सारा की मां ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग की है।उनका कहना है कि यह कैसे हो सकता है कि एक ही कार में बैठी सारा की मृत्यु हो गयी और अमनमणि को खरोंच तक नहीं आयी। गौरतलब है कि अमनमणि त्रिपाठी ने वर्ष 2012 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर महराजगंज जिले की एक सीट से विधानसभा चुनाव लडा था मगर उन्हे इस चुनाव में शिकस्त का सामना करना पडा था।

ज्ञातव्य है कि कल रात  फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में सारा की मृत्यु हो गई थी |
अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि अमनमणि त्रिपाठी पत्नी सारा त्रिपाठी (23) के साथ कार से दिल्ली जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर पैंगू गांव के निकट किसी को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गयी।

इस हादसे में सारा की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अमन को कुछ चोट आयीं।


Scroll To Top
Translate »