मंडी : हिमाचल के मंडी में एक बार फिर मौत का तांडव देखने को मिला। जैसा कि 8 जून 2014 को मंडी में ब्यास नदी में भयानक हादसा हुआ था वैसे ही पिछले 12 घंटे से जारी बारिश ने यहां भारी तबाही मचा रखी है।
जानकारी के मुताबिक बारिश और बादल फटने की वजह से सोन खड्ड में पानी बढ़ने के कारण मंडी जिले का धर्मपुर बस स्टैंड व बाजार जलमग्न हो गया। आपको बता दें कि भूस्खलन से एक मकान ध्वस्त हो जाने से एक ही परिवार के 3 लोगों की दबने से मौत हो गई। जिसमें से एक महिला का शव मलबे से बाहर निकाल लिया गया और बाकी की तलाश जारी है।
सूत्रों के मुताबिक सोन खड्ड के रौद्र रुप धारण करने से धर्मपुर बाजार में हिमाचल पथ परिवहन निगम बस अड्ड की एक मंजिल पानी में पूरी तरह डूब गई। बाजार की 25 के आसपास दुकानों में भी पानी के साथ मलबा घुस जाने से करोड़ों का नुकसान हो गया है। निगम की 4 बसें पानी के तेज बहाव में बह गई लेकिन बाद में पानी का स्तर घटते ही बसें क्षतिग्रस्त हालत में नदी में बरामद कर ली गईं। धर्मपुर को जोड़ने वाले सभी मार्ग बंद हो गए हैं। जगह-जगह पर भूस्खलन से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं बस स्टैंड के पास आधा दर्जन लोग अपने घरों में फंस गए लेकिन उन्हें 10 घंटे बाद सकुशल बचा लिया गया।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलते ही मंडी से प्रशासन मौके पर पहुंच गया है लेकिन तमाम रास्ते दोपहर तक बंद रहे जिससे बचाव एवं राहत कार्य देरी से शुरू हो सका। स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर घटना स्थल पर सुबह ही पहुंच गए थे।
https://rashtriyadinmaan.com
