आरा: राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल शुरू हो गई। भाजपा ने बिहार में भी पीएम मोदी के चेहरे को आगे रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मिशन बिहार’ पर हैं। पीएम मोदी ने आज आरा में 2200 करोड़ रुपए के नैशनल हाईवे प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे।
22 करोड़ के प्रोजेक्ट का उद्घाटन
मोदी ने आरा में 2200 करोड़ रुपए के नैशनल हाईवे प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकार टुकड़ों में नहीं सोचती इसलिए योजनाओं को पूरे देश में लगाने का निर्णय किया है। मोदी ने प्रोजेक्ट के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार की बिहार के कोने-कोने में बढ़िया रास्ते की योजना है।
विशेष पैकेज का ऐलान
मोदी ने इस राज्य के लिए आज सवा लाख करोड़ रुपए के पैकेज की घोषणा करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि बिहार को एक नई ताकत मिले। इस घोषणा के साथ ही उन्होंने बिहार का भाग्य बदलने के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा। मोदी ने यहां एक सार्वजनिक सभा में कहा कि वे सवा लाख करोड़ रुपए के पैकेज की घोषणा कर रहे हैं लेकिन बिहार को इससे भी ज्यादा 1.65 लाख करोड़ रुपया मिलेगा। उन्होंने कहा कि सवा लाख करोड़ रुपए का नया पैकेज और 40 हजार करोड़ रुपए का पुराना।
नीतीश पर साधा निशाना
मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री और उस समय की कांग्रेस नीत सरकार को निशाने पर लेते हुए नीतीश कुमार का नाम लिए बिना कहा, ‘‘ उस समय के सीएम दिल्ली पहुंचे, बिहार के स्वाभिमान को दांव पर लगाया, बिहार के स्वाभिमान को छोड़कर दरबार में गए, गिड़गिड़ाए, इज्जत छोड़कर मांगा कि कुछ दे दो।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सबके बावजूद दिल्ली की संप्रग सरकार ने बिहार के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ किया और महज 12 हजार करोड़ रुपए की घोषणा की और इसमें अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के समय के पैकेज की खर्च नहीं की गई 1000 करोड़ रुपए की राशि भी शामिल थी।
देश के कोने-कोने से जुड़ेगा बिहार
मोदी ने कहा कि गडकरी ने महाराष्ट्र में फ्लाईओवरमैन की पहचान बनाई थी, अब वह बिहार के कोने-कोने को देश के कोने-कोने से जोड़ेंगे। वहीं गडकरी ने कहा कि वे बिहार की इस धरती पर जो भी कहूंगा, वो हर बात पूरी होगी।
मोदी फिर खेल गए दलित कार्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरा में दलित कार्ड एक बार फिर भी खेला। उन्होंने 15 अगस्त को दिए अपने भाषण की बात आरा रैली में भी दोहराई। मोदी ने कहा कि हर बैंक कम से कम एक दलित को उद्योग लगाने के लिए लोन दे।
https://rashtriyadinmaan.com
