स्मारक का निर्माण ‘डाॅ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, उ0प्र0’ के नवीन परिसर में कराया जाएगा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव 15 अक्टूबर, 2015 को पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रख्यात वैज्ञानिक डाॅ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम के स्मारक की आधारशिला रखेंगे। स्मारक का निर्माण यहां प्राविधिक विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में कराया जाएगा। श्री यादव ने आज स्मारक की डिजाइन का अवलोकन किया।ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश प्राविधिक विश्वविद्यालय का नाम ‘डाॅ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश’ किए जाने की घोषणा करते हुए यह फैसला भी लिया था कि विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में पूर्व राष्ट्रपति की याद में एक भव्य स्मारक का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके क्रम में श्री यादव 15 अक्टूबर को पूर्व राष्ट्रपति की जयन्ती के अवसर पर स्मारक का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के फैसले के मद्देनजर प्राविधिक विश्वविद्यालय के वास्तुकला संकाय द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए एक डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। देश के मशहूर वैज्ञानिकों के योगदान को दर्शाने के लिए विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में प्रस्तावित स्मारक और संग्रहालय की उपयुक्त डिजाइन तैयार कराने के मकसद से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित की गई डिजाइन का मुख्यमंत्री द्वारा अपने सरकारी आवास पर अवलोकन किया गया। यह डिजाइन प्राविधिक विश्वविद्यालय के वास्तुकला संकाय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा सुश्री मोनिका एस0 गर्ग, वास्तुकला संकाय के डीन श्री जगवीर सिंह, एसोसिएट डीन श्रीमती वन्दना सहगल, फैकल्टी श्रीमती रितु गुलाटी तथा वास्तुकला के विद्यार्थीगण सुश्री आयशा एवं श्री रोहन उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
