जयश्री भोज को दोबारा उपाध्यक्ष बनाना ही था तो उन्हें हटाया क्यों——डा0 चन्द्रमोहन


मुख्यमंत्री के मनमाने रवैये से ईमानदार अफसरों का दम घुट रहा
ggftr54r54लखनऊ |  भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव को सत्ता संभाले तीन वर्ष से ज्यादा का समय हो गया है लेकिन अभी तक वह अफसरों के साथ कामकाज का सलीका नहीं सीख पाए हैं। पहले तो वह नाकामी के आधार पर अफसरों को हटाते हैं और बाद में उसी ‘अकर्मण्य’ को उसकी पुरानी पोस्ट पर तैनात कर देते हैं।
प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में श्री अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री काल के अलावा दूसरी और कोई मिसाल नहीं है जिसमें इतनी बड़ी संख्या में अफसरों को हटाने के बाद दोबारा उन्हें या तो उसी पद पर तैनात किया गया या फिर और प्रभावशाली पद पर भेज दिया गया है। ताजा प्रकरण कानपुर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष जयश्री भोज का है। कुछ दिन पहले इन्हें मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस लिए हटाया गया कि ये विकास कार्यों में रुचि नहीं ले रही थीं और 14 अक्टूबर को पुनरू इन्हें उसी पद पर तैनात कर दिया गया।
प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि मुख्यमंत्री ये बताएं कि अगर आइएएस अधिकारी जयश्री भोज को दोबारा कानपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाना ही तो उन्हें हटाया क्यों गया? क्या यह निर्णय इसलिए किया गया क्योंकि जयश्री भोज मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के ‘दुलारे’ आइपीएस अफसर यशस्वी यादव की पत्नी हैं। इसी प्रकार बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद सपा सरकार के एक नकचढ़े कैबिनेट मंत्री के करीबी हैं. इस वर्ष दो बार इनका तबादला किया गया लेकिन दोनों बार तबादले के कुछ ही दिन बाद हमीद को वापस बाराबंकी में तैनात कर दिया गया।
प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि तबादलों में मुख्यमंत्री के मनमाने रवैये से प्रदेश में ईमानदार अफसरों का दम घुट रहा है। ईमानदार होना इस प्रदेश सरकार में अफसरों के लिए सबसे बड़ा गुनाह हो गया है। भ्रष्टाचार की पोषक सपा सरकार में ईमानदार अफसर हाशिए पर भेजे जा रहे हैं जबकि घोटाले में आरोपी अफसर इस सरकार की पहली पसंद बने हुए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के आरोपी और जेल में बंद रहे आइएएस अफसर प्रदीप शुक्ला को जिस तरह इस सरकार ने तैनाती दी उसकी मिसाल भी केवल इसी सपा सरकार में ही मिल सकती है।

Scroll To Top
Translate »