न्यूयॉर्कं । माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के सीईओ और को-फाउंडर जैक डोर्से ने घोषणा की है कि वे अपने हिस्से के एक-तिहाई शेयर्स कर्मचारीयों को देंगे। उनके हिस्से के 70 लाख शेयर्स की कीमत करीब 1300 करोड़ रुपए है। इस रकम को कर्मचारियों के इक्विटी पूल में जमा किया जाएगा। शुक्रवार को ट्विटर के सीईओ डोर्से के इस ऐलान कि ट्विटर कंपनी ने पुष्टि की। ट्विटर के एक प्रवक्ता ने बताया है कि इस कदम का अभिप्राय यह है कि अब कर्मचारियों के इक्विटी पूल में ओर ज्यादा शेयर्स होंगे। इनका उपयोग समय-समय पर प्रमोशन, बोनस और नई भर्तियों के लिए होता रहेगा।
डोर्स ने इस कदम को अपने कर्मचारियों के लिए किया गया रिइन्वेस्टमेंट बताया है। जानकार मान रहे हैं कि डोर्से ने यह फैसला स्टाफ की हिम्मत बढ़ाने के मकसद से लिया है। गौरतलब है कि गत मास ही कंपनी ने 300 से ज्यादा कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया था। जैक डोर्स को हाल ही में कंपनी का नियमित सीईओ बनाया गया है। उनके नियुक्ती को लेकर निवेशक थोड़ी उलझन में हैं। उनके मन में प्रश्र उठ रहा है कि क्या डोर्से ट्विटर और मोबाइल पेमेंट कंपनी स्क्वेयर, दोनों को एक साथ हेन्डल कर पाएंगे।
डोर्से स्क्वेयर के को-फाउंडर हैं। पिछले हफ्ते ही डोर्से ने घोषणा की है, कि वे स्क्वेयर के 4 करोड़ शेयर्स उस फाउंडेशन को दे देंगे, जो दुनिया के छोटे देशों में निवेश करती है। ट्विटर पर अभी बहुत दबाव है क्योंकि उसके पास फेसबुक जैसी फॉलोइंग नहीं है। साथ ही स्क्वेयर को मोबाइल पेमेंट बिजनेस में एप्पल और गूगल जैसी कंपनियों का सामना करना होगा।
कौन हैं ये डोर्से?
– 2006 में जैक डोर्से ने ईव विलियम्स, बिज स्टोन और नोह ग्लास के साथ मिलकर माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर को लॉन्च किया था।
– 2006 में बनी माइक्रो ब्लॉगिंग ट्विटर का अभी मार्केट कैप 33 अरब डॉलर है।
– 2008 तक डोर्से इस कंपनी के चीफ एक्जीक्यूटिव थे। उसके बाद वे कंपनी के चेयरमैन बन गए।
– इस साल जून में वे कंपनी के अंतरिम सीईओ बने। हाल ही में परमानेन्ट सीईओ बन गए है।
– डोर्से वॉल्ट डिज्नी कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल हैं।
ट्विटर का प्रोफाइल
– ट्विटर के पास 31.6 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स हैं। इनमें से 80 फीसदी यूजर्स मोबाइल पर ट्विटर एक्सेस करते हैं।
– इसमें 4100 कर्मचारी काम करते हैं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक इंजीनियर हैं।
– हर दिन 50 करोड़ ट्वीट्स किए जाते हैं।
– इसके 35 से अधिक कार्यालय हैं।
– ट्विटर 35 से ज्यादा भाषओं को सपोर्ट करता है।
https://rashtriyadinmaan.com

