नई दिल्ली: कई आपराधिक मामलों के सिलसिले में भारत में वांछित अंडरवल्र्ड डॉन छोटा राजन उर्फ राजेन्द्र सदाशिव निकाल्जे को कल इंडोनेशिया के बाली द्वीप मे गिरफ्तार कर लिया गया। ऑस्ट्रेलिया की संघीय पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि केनबरा स्थित इंटरपोल ने छोटा राजन की मौजूदगी के बारे में स्थानीय प्रशासन को सूचित किया था जिसे भारत के आग्रह पर गिरफ्तार कर लिया गया।
बाली की पुलिस के प्रवक्ता हेरी वियांतो ने कहा कि छोटा राजन सिडनी से बाली द्वीप आया था जिसे आस्ट्रेलिया पुलिस की निशानदेही पर पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि 55 वर्षीय छोटा राजन लगभग दो दशक से फरार था और इंटरपोल ने उसे 1995 में भगोड़ा घोषित किया था।
वियांतो ने कहा, ‘‘हमें कैनबरा से एक हत्यारे के लिए रेड कॉर्नर नोटिस की सूचना मिली। हमने उसे कल हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। हमें पता चला कि यह व्यक्ति भारत में 15-20 हत्याओं का संदिग्ध है।’’ उन्होंने कहा कि बाली पुलिस इंटरपोल एवं भारतीय प्रशासन के साथ सहयोग कर रही है और संभवत: छोटा राजन को भारत प्रत्यर्पित कर दिया जाएगा।
आस्ट्रेलिया की पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘संघीय पुलिस ने पिछले महीने पुष्टि की थी कि छोटा राजन अलग नाम एवं पहचान से आस्ट्रेलिया में रह रहा है।’’ इंटरपोल की वेबसाइट पर बताया गया है कि छोटा राजन मुंबई में पैदा हुआ था। वह भारत में हत्या, गैरकानूनी हथियार रखने एवं इस्तेमाल करने से संबंधित कई मामलों में वांछित है।
https://rashtriyadinmaan.com
