सुरक्षित रहने के लिए आत्मसुरक्षा के गुण सीखना जरुरी- श्रीमती अपर्णा यादव


 

unnamedलखनऊ। जैसे स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम करना जरुरी है ठीक वैसे ही सुरक्षित रहने के लिए आत्म सुरक्षा के गुण सीखना जरुरी है। साथ ही अपने अधिकार और कानून के प्रति जागरूक होना भी जरुरी है। हमें संवैधानिक तौर पर कई महत्वपूर्ण अधिकार प्राप्त हैं। जिसके परिपेक्ष में महत्वपूर्ण कानून भी बने हैं। लेकिन दुर्भाग्य है कि जानकारी के अभाव में हम (महिलाएं) इसका उपयोग नही कर पाते। नतीजन महिलाओं के प्रति लोगों का नजरिया तेजी से बदल रहा है। महिलाएं क्रूरता का शिकार हो रही है। घर के बाहर, घर के अंदर, कार्यस्थल, यहां तककि अपने सगे संबधियों के बीच भी सुरक्षित नहीं है। समाज में विकृत एवं बीमार मानसिकता के लोग भरे पड़े हैं। इस सिस्टम को हमें ही बदलना होगा। ये तभी सम्भव है जब हम स्वयं अपने आप में बदलाव लाएंगे। अपने अधिकार और कानून के बारे में जानेंगे। और दूसरों को भी बतायेगे। उक्त जागरूकता संबंधी बातें सामाजिक संस्था ‘बी अवेयर फाउंडेशन’ की संचालिका समाजसेविका  श्रीमती अपर्णा यादव ने कही।

श्रीमती यादव लखनऊ गोमती नगर, विक्रांत खंड स्थित ‘एस के डी एकेडमी’ में आयोजित ‘बी अवेयर’ सेमिनार में  छात्र छात्राओं को जागरूकता का पाठ पढ़ा रही थी। उन्होंने महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधो की वजह का जिक्र करते हुए कहा कि सामाजिक लोक लज्जा, आत्मबल और आत्म सुरक्षा की कमी, पुलिस का डर और कानून की जानकारी न होना, येे ऐसी प्रमुख बाते है जो महिलाओं को अपराध सहने के लिए मजबूर करती है। हम इन सभी बातों को संजीदगी से समझे और डटकर मुकाबला करें तो निश्चित रूप से अपराध पर विराम लग सकेगा। उन्होंने छात्राओं को स्वयं की सुरक्षा के लिए मार्सल आर्ट सीखने के लिए प्रेरित किया।

  उन्होंने आगे कहा कि अगर आपके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो आप सामाजिक लोक लज्जा से ऊपर उठ अपने अभिभावक, टीचर को बताइये।  नजदीकी पुलिस थाने में जाईये और बेहिचक प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कराईये। पुलिस के प्रति आपके मन में जो भय वाली धारणा घर कर गयी है, उसको सकारात्मक सोच में बदलिये। कानून से डरिये पुलिस से नही। श्रीमती अपर्णा ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए अति महत्वपूर्ण कानून क्रिमिनल एमेंडमेंट एक्ट 2013 बना है। यह एक्ट महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पर्याप्त है बशर्ते इसकी जानकारी हम सबको होनी चाहिए। इसलिए हम लोग इस कानून को ध्यान से पढ़े, समझें और दूसरों को भी बतायें, तभी हमारा प्रयास सफल होगा। श्रीमती यादव ने अपराध की वजह, पुलिस की क्रियाविधि, न्याय प्रणाली और सम्बन्धित कानून की जानकारी भी दी। साथ ही उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन नं0 100, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नं0 1090 के बारे में बताया। सेमिनार के अन्त में उन्होंने संकल्प दिलाया कि अब हम हमेशा जागरूक रहेंगे सुरक्षित रहेंगे। पूर्व की भांति इस मौके पर श्रीमती अपर्णा यादव व्दारा मेधावी छात्राओं को  सम्मानित किया गया।

  इस सेमिनार में एस के डी एकेडमी की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती निशा सिंह भी उपस्थित थी। उन्होंने सेमिनार समाप्त होने के उपरान्त बी अवेयर फाउंडेशन की इस मुहीम की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि श्रीमती अपर्णा यादव जी ने वाकई में तमाम ऐसी जानकारियों से हमें अवगत कराया जिसे हम नहीँ जानते थे। उन्होंने कहा कि हम अभी तक अपने नजदीकी थाने या पुलिस चौकी में कभी नही गए लेकिन आज जरूर जाऊँगी। 


Scroll To Top
Translate »