
लंदन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन दिन की ब्रिटेन यात्रा पर गुरुवार को लंदन पहुंचे। इस दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने उनका अनोखे तरीके से स्वागत किया है। कैमरन ने ट्विटर पर एक विडियो अपलोड कर कहा है, ब्रिटेन में भारतीय समुदाय की ओर से आपका स्वागत है मि. मोदी। इस विडियो में कई लोग पीएम मोदी के इस दौरे से अपनी उम्मीदें जताते हुए देखे जा सकते हैं। ये ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के लोग हैं। इसमें बच्चे, युवा और वृद्ध महिलाएं और पुरुष अपना संदेश मोदी को दे रहे हैं। एक बुजुर्ग इस विडियो में कहते नजर आ रहे हैं कि ब्रिटेन में 15 लाख से ज्यादा भारतीय मूल के लोग रहते हैं।
इन लोगों का कहना है कि इनका भारत से काफी गहरा रिश्ता है। इसमें कहा गया है कि जीवन के सभी क्षेत्रों के लोगों ने इस देश को यह रूप देने में अहम रोल निभाया है और ब्रिटिश भारतीयों ने इस देश को महान बनाने में मदद की है। इन सभी ने पीएम मोदी का स्वागत किया है। मोदी तीन दिनों के ब्रिटिश दौरे पर हैं। वह 10 सालों बाद ब्रिटेन जाने वाले भारतीय पीएम हैं। मोदी के इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में अहम समझौते होने की उम्मीद है। भारत सरकार पीएम मोदी के इस दौरे को ऐतिहासिक बनाना चाहती है।
अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ब्रितानी संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके साथ ही भारत यूके को अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद की 1500 करोड़ की संपत्ति पर डोजियर भी सौंपेगा। पीएम के लंदन पहुंचते ही जेम्स कोर्ट होटल के बाहर फैंस ने ‘मोदी मोदी’ के नारों से उनका स्वागत किया।