पेरिस। म्यूजिक कॉन्सर्ट में शामिल होने जा रहे यूथ और नाइट लाइफ को निशाना बनाकर किए गए कई हमलों में 150 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद से फ्रांस में हुई यह अब तक की सबसे घातक हिंसात्मक घटना है। राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने संकल्प लिया कि फ्रांस आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता के साथ खड़ा रहेगा।
पेरिस हमले का सबसे भयावह नरसंहार शुक्रवार को एक कॉन्सर्ट हॉल में हुआ, जहां एक अमेरिकी रॉक बैंड का शो होना था। कई लोगों को यहां बंदी बना लिया गया और हमलावरों ने इन बंधकों की ओर विस्फोटक उछाल दिए। इमारत पर धावा बोलकर पुलिस ने तीन हमलावरों को मार गिराया। पुलिस को इमारत के अंदर बेहद भयावह खूनी मंजर दिखाई दिया।
पेरिस के प्रॉसिक्यूटर फ्रांस्वा मोलिंस ने कहा कि पांच हमलावर मारे गए हैं। हालांकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि वे कुल कितने लोग थे और कितने लोग अभी पकड़ से बाहर हैं? इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी आईएसआईएस ने ली है।
इन हमलों के बाद फ्रांसीसी सरकार ने आपातकाल की घोषणा कर दी है और फ्रांस में आने-जाने के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है। फ्रेंच मीडिया के मुताबिक पेरिस में 7 जगहों पर हमले हुए हैं। इस हमले की तुलना 26/11 के मुंबई हमलों से की जा रही है। पेरिस के पुलिस प्रमुख ने सभी हमलावरों के मारे जाने की संभावना जताई है।
पेरिस में हमलों के बीच भारतीय दूतावास ने अपनी लाइनें खोली हैं। हालांकि अभी तक किसी भारतीय के हताहत होने की खबर नहीं है। पेरिस में भारतीय दूतावास ने भी इसकी पुष्टि कर दी है लेकिन फिर भी किसी आपात स्थिति में दूतावास के इस नंबर से संपर्क किया जा सकता है।- 0033140507070… पेरिस में टूरिस्ट्स के लिए भी हेल्पलाइन नंबर्स जारी किए गए हैं। अगर पेरिस में किसी भी परिचित तक मदद पहुंचानी हो तो पाठक इस नंबर +33 (0) 1 45 55 80 00 की मदद ले सकते हैं।
पेरिस में बंदूकधारियों ने सड़कों पर गोलियां और बम बरसाते हुए हमले किए। इसके बाद हमलावर बाटाक्लान कॉन्सर्ट हॉल में घुस गए। जहां 100 से अधिक लोगों को बंधक बनाकर उनकी हत्या कर दी। बंदूकधारियों ने स्टेड द फ्रांस फुटबॉल स्टेडियम और एक बार में धमाके किए, वहीं एक रेस्टोरेंट में गोलीबारी की। धमाके के वक्त स्टेडियम में फ्रांस और जर्मनी के बीच फ्रैंडली मैच चल रहा था। धमाके के आवाज स्टेडियम में भी सुनाई दी। इसके बाद मैच को रोक दिया गया
फ्रेंच पुलिस के मुताबिक, धमाके के समय स्टेडियम में फ्रांस के प्रेसिडेंट फ्रांस्वा ओलांद भी मौजूद थे। उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने पेरिस हमले के बाद ‘स्टेट ऑफ इमरजेंसी’ जारी कर दी है।
https://rashtriyadinmaan.com
