पटना. बिहार विधानसभा चुनाव में 80 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी राजद के विधायक दल की बैठक राजधानी के मौर्या होटल में आयोजित की गयी। बैठक में तीन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सबसे पहले राजद के विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार को महागंठबंधन का नेता मान लिया गया। बकायदा इसके लिए विधानमंडल दल ने प्रस्ताव पारित किया। वहीं दूसरी ओर बैठक में लालू प्रसाद यादव को राजद विधानमंडल दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत कर दिया गया।
बैठक में जिस तीसरे मुद्दे पर चर्चा हुई उसमें यह है कि महागंठबंधन किस एजेंडे पर काम करेगा इसे लेकर विस्तार से चर्चा की गयी। वहीं राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव ने कहा कि वह गरीबों,सवर्णों और सभी वर्ग के लोगों को नमन करते हैं। लालू ने कहा कि हम सबका विकास करेंगे। हालांकि विधानमंडल दल के नेता का नाम लालू यादव के पास पारित करने के लिए अधिकृत कर दिया गया है और वह समय पर उस नाम की घोषणा करेंगे।
राजद विधानमंडल दल की बैठक खत्म हो गयी है। राजद विधायकों ने सर्व सम्मति से लालू प्रसाद यादव को विधानमंडल दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत कर दिया है। जिसकी घोषणा वे समय पर करेंगे। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक लालू के छोटे बेटे तेजस्वी के नाम की चर्चा है। समय आने पर स्वयं लालू प्रसाद यादव इसकी घोषणा कर सकते हैं। फिलहाल पार्टी ने नीतीश के नेतृत्व महागंठबंधन दल का सर्वमान्य नेता मान लिया है। गौरतलब हो कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद ने 101 सीटों पर चुनाव लड़ा था। राजद ने इसमें से 80 सीटों पर जीत हासिल की है।
https://rashtriyadinmaan.com

